अचानक रद्द क्यों हो रहीं Vistara की फ्लाइट्स? यात्रियों की नाराजगी के बाद कंपनी ने बताया कारण
टाटा ग्रुप और सिंगापुर एयरलाइंस की एयरलाइन कंपनी विस्तारा को बीते कुछ दिनों से फ्लाइट में देरी और कैंसिलेशन की परेशानी से जूझना पड़ रहा है। इस वजह से एयरलाइन की काफी आलोचना हो रही है। कंपनी ने भी इसे स्वीकार किया है। सोमवार को विस्तारा ने इसकी जानकारी दी और बताया कि वो इसे सुधारने की कोशिश कर रही है।
एयरलाइंस के प्रवक्ता ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में अलग अलग ऑपरेशनल कारणों के चलते विस्तारा एयरलाइंस को फ्लाइट्स के रद्द होने से लेकर उड़ानों में देरी देखने को मिली है। उन्होंने कहा कि एयरलाइंस हालात को सामान्य करने की लगातार कोशिशों में जुटी है।

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक विस्तारा ने उड़ानों में लगातार देरी और रद्द होने के लिए 'क्रू की कमी' का हवाला दिया। विस्तारा के प्रवक्ता ने जारी बयान में कहा, पिछले कुछ दिनों में क्रू के ना होने के चलते बड़ी संख्या में फ्लाइट के रद्द होने और देरी का सामना करना पड़ा है। हम इसे स्वीकार करते हैं और कस्टमर्स की हुई इस असुविधा के लिए हमें खेद है। कंपनी ने कहा कि वे पर्याप्त कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए अस्थायी रूप से उड़ानों की संख्या सीमित करने जा रहे हैं।
विस्तारा की सर्विस में आ रही दिक्कतों को लेकर पैंसेजर्स ने इंटरनेट पर इसकी शिकायत भी की है। कई यूजर्स ने पिछले दिनों में 5 -5 घंटे उड़ान में देरी की शिकायत की है। कई यात्रियों ने फ्लाइट रद्द होने के बावजूद पूरा रिफंड ना देने की भी शिकायत की है।
उद्यमी मोहनदास पाई ने ट्विटर पर लिखा, 'हां, परेशानियां कई सारी हैं। क्या विस्तारा अपनी साख को बचाने के लिए अपने कस्टमर्स को ईमानदारी के साथ बता सकती है कि क्या गलत हो रहा है और कब तक ऐसे चलेगा? बहुत झूठ बोल लिया। जो लोग विस्तारा पर भरोसा करते हैं, उनका भरोसा टूट रहा है।'
चर्चित लेखक विक्रम संपत ने भी आखिरी मौके पर फ्लाइट कैंसिल होने पर कंपनी को टैग करते हुए लिखा, 'बहुत खराब विस्तारा... मुंबई की शाम 5 बजे की फ्लाइट आखिरी मिनट पर 'ऑपरेशनल कारणों' से कैंसिल की गई। हमने सुबह 9 बजे की बुकिंग की। आपने इसकी बोर्डिंग की घोषणा की और अब 'ऑपरेशनल कारणों' के चलते सुबह 11 बजे जाएगी। क्या आप अपने कस्टमर्स, उनके वक्त और पैसे की परवाह करते हैं? आपकी खराब सर्विस से परेशान एक CV गोल्ड मेंबर'












Click it and Unblock the Notifications