VIP सीटों पर कौन हारा-कौन जीता ? यहां देखिए पांचों राज्यों की अहम सीटों के नतीजे
नई दिल्ली, 10 मार्च: पांचों राज्यों में विधानसभा चुनावों में वोटों की गिनती के साथ ही मतदाताओं का रुख साफ हो गया। नतीजों से साफ लग रहा है कि एग्जिट पोल के नजीते सही साबित हुए हैं। अब कई दौर की काउंटिंग पूरी हो चुकी है। यूपी और उत्तराखंड में बीजेपी बड़ी जीत के साथ सत्ता में वापस आ रही है। जबकि, पंजाब में आम आदमी पार्टी को बंपर जीत मिली है। गोवा और मणिपुर में भी बीजेपी ने सरकार बनाने की स्थिति हासिल कर ली है। हम यहां को वीआईपी सीट का जिक्र कर रहे हैं।

वीआईपी सीटों पर कौन आगे-कौन पीछे ?
यूपी में वीआईपी सीटों की बात करें तो गोरखपुर (शहरी) सीट से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बीजेपी के उम्मीदवार के तौर पर जीत हासिल कर चुक हैं। उन्हें 64 फीसदी से ज्यादा वोट मिले हैं। यहां समाजवादी पार्टी प्रत्याशी सुभावती उपेंद्र दत्त शुक्ला दूसरे नंबर पर काफी पीछे रही हैं। वहीं आजाद समाज पार्टी (कांशी राम) के उम्मदीवार चंद्र शेखर अपनी जमानत बचा पाने में भी नाकाम रहे हैं।
उधर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी यूपी की करहल विधानसभा सीट पर 60 फीसदी से ज्यादा वोट लाकर जीते हैं। जबकि, केंद्रीय मंत्री और बीजेपी उम्मीदवार एसपी सिंह बघेल दूसरे नंबर पर रहे हैं और सिर्फ 33 फीसदी वोट ला पाए हैं। इस सीट पर बीएसपी के कुलदीप नारायण तीसरे नंबर पर रहे।
उत्तराखंड में बीजेपी तो बंपर जीत के साथ दोबारा सत्ता में आई है, लेकिन खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा सीट से हार गए हैं। यहां कांग्रेस के उम्मीदवार भूवन चंद्र कापड़ी को 52% वोट मिले हैं, जबकि धामी सिर्फ 49% ही वोट जुटा सके।
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता लालकुंआ सीट से बीजेपी उम्मीदवार मोहन सिंह बिष्ट से चुनाव हार गए हैं।
चुनाव के ऐलान के बाद भाजपा छोड़कर समाजवादी पार्टी में आए यूपी के ओबीसी चेहरे स्वामी प्रसाद मौर्य फाजिलनगर सीट से चुनाव हार गए हैं। यहां बीजेपी के सुरेंद्र कुमार कुशवाहा को बड़ी जीत मिली है।
वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की भी भदौड़ और चमकौर साहिब दोनों ही विधानसभा सीटों से चुनाव हार गए हैं।
पंजाब की अमृतसर पूर्व सीट से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू भी चुनाव हार गए हैं। इस सीट पर आम आदमी पार्टी की जीवन ज्योत कौर ने उन्हें भारी मतों से पराजित किया है। यहां अकाली दल के बिक्रम सिंह मजीठिया को हार का सामना करना पड़ा है।
यूपी के तमकुही राज विधानसभा सीट से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू भी चुनाव हार गए है। यहां भाजपा के असीम कुमार 50 फीसदी से भी ज्यादा वोट लेकर निर्णायक जीत दर्ज की और सपा के उदय नारायण के दूसरे नंबर पर रहे हैं। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के भरोसेमंद लल्लू को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा है।













Click it and Unblock the Notifications