गुजरात के सूरत में भड़की हिंसा में 6 लोग घायल, पुलिस ने 40 को किया गिरफ्तार
Recommended Video

अहमदाबाद। गुजरात के अमरौली में दो समुदाय के बीच भड़की हिंसा में छह लोग घायल हो गए हैं। यह घटना गुरुवार रात की है, जब दो समुदाय के लोग आपस में भिड़ गए। अमरौली के कोसाड में जब इस घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत करने की कोशिश की तो उन्होंने पुलिस पर भी पत्थर फेंके। जिसके बाद स्थिति को काबू में लाने के लिए पुलिस को चार राउंड गोली चलानी पड़ी।

प्रशासन के अनुसार इस घटना के बाद 40 लोगों को हिरासत में लिया गया है और इनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर किस वजह से यहां दोनों समुदाय के बीच तनाव पैदा हुआ और इलाके में हिंसा भड़की। अभी तक हिंसा की वजह नहीं पता चल रही है। लेकिन सूत्रों का कहना है कि मामूली घटना की वजह से दोनों समुदाय के बीच कहासुनी होने लगी जो बाद में हिंसा में तब्दील हो गई।
पुलिस का कहना है कि इलाके में स्थिति पर काबू पा लिया गया है और शांति बहाल कर दी गई है साथ ही बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। एक तरफ जहां गुजरात में हिंसा भड़की तो दूसरी तरफ बिहार और पश्चिम बंगाल में भी राम नवमी के मौके पर हिंसा की घटनाएं सामने आई थी। हालांकि पिछले 24 घंटों में यहां से किसी भी तरह की ताजा हिंसा की घटना सामने नहीं आई है। बिहार के समस्तीपुर और नालंदा में 50 लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जिसमें दो भाजपा के कार्यकर्ता भी शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications