वायरल वीडियो देख भारी मन से उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने बोली ये बात, राज्यसभा में छा गई खामोशी
Jagdeep Dhankhar Statement Over Trolling: सोशल मीडिया पर कोई भी कब ट्रोल हो जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। बीते दिनों नमस्ते बोलकर झुकने वाले उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को भी जबरदस्त तरीके से सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया। हालांकि, सदन में हाल ही में उनका ये दुख उनके बयान में साफ देखने को मिला। सभा में आने के बाद वे काफी दुखी मन से बात करते दिखे। ट्रोलिंग को लेकर अपना दुख ऐसे व्यक्त किया कि सदन में खामोशी छा गई।
'मैं किसके आगे झुकूं'
आजकल ये भी देखना पड़ रहा है कि कितना झुकूं और किसके आगे झुकूं। फोटोग्राफर कहां से तस्वीरें ले रहा है और इंस्टाग्राम पर कौन कब ये डाल दे। कौन ट्विटर पर डाल देगा और कौन मेरी रीढ़ की हड्डी को तय करेगा... ये शब्द हैं उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के, जिन्हें हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी के आगे नमस्ते करते हुए झुकते हुए देखा गया।

क्या था वायरल वीडियो में...?
हाल ही में वायरल हो रहे वीडियो में उपराष्ट्रपति पीएम मोदी को झुककर नमस्ते करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो देखते ही देखते इंटरनेट पर वायरल होने लगा और जगदीप धनखड़ को लेकर सोशल मीडिया पर कई अपमानजनक टिप्पणियां भी की गईं। इन वीडियोज को लेकर भावुक मन से सदन में बात करते हुए उन्होंने कहा कि मैं बताना चाहता हूं कि झुकना और नमस्ते करना मेरी आदत है।
बहुत पीड़ा होती है ये देखकर कि...
मैं ये नहीं देखता कि मेरे सामने कौन है। ये देखकर बड़ी पीड़ा होती है कि गिरावट की भी कोई सीमा होती है। बड़ा ही बुरा लगता है। इसके बाद जब किसी सदस्य ने उनसे कुछ कहा तो जवाब में धनखड़ ने कहा कि अगर कोई ऐसी संस्था है, जिसका बहुत बड़ा स्थान है देश में... देश की राजनीति में... और वे आधिकारिक तौर पर ऐसा करते हैं तो मैं सिर्फ अपनी पीड़ा और नाराजगी ही व्यक्त कर सकता हूं।
'संस्कारों का मजाक उड़ाना गलत'
सोशल मीडिया पर आलोचना करते हुए वायरल हो रहे वीडियो को लेकर उपराष्ट्रपति ने कहा कि वे एक बेहद विनम्र इंसान हैं और घमंड उनकी जिंदगी का हिस्सा कभी हो ही नहीं सकता। संस्कारों का कभी भी मजाक नहीें उड़ाया जाना चाहिए।
उपराष्ट्रपति ने आगे कहा कि पद की गरिमा तब रहती है जब इंसान ज्यादा से ज्यादा झुके। ये पीड़ा मुझे उन लोगों से मिली है, जिनकी मैं बहुत इज्जत करता हूं।












Click it and Unblock the Notifications