गाय के मुद्दे पर पीछे नहीं हटेगी वीएचपी, 7 नवंबर को करेगी रैली
नई दिल्ली। गौ-रक्षकों के मुद्दे पर भले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सख्त लहजा अपनाते हुए उनके कार्यों पर सवाल खड़े किए हों, बावजूद इसके विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) गौरक्षा को लेकर पीछे हटती नजर नहीं आ रही है।
वीएचपी ने प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार के रवैये के विपरीत गौ-रक्षकों के समर्थन में 7 नवंबर को रैली की योजना बनाई है। वीएचपी की ये रैली दिल्ली में होगी।

वीएचपी करेगी दिल्ली में रैली
विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) इस रैली के जरिए सरकार पर देश में गौहत्या पर प्रतिबंध लगाने की मांग करेगी। 7 नवंबर को दिल्ली में वीएचपी की रैली के साथ-साथ देश के अलग-अलग हिस्सों में भी वीएचपी कार्यकर्ता गौरक्षा अभियान को आगे बढ़ाएंगे।
गुजरात के वीएचपी सूत्रों के मुताबिक उनकी योजना रैली में एक लाख से ज्यादा कार्यकर्ताओं को शामिल करने की है। रैली के जरिए वह देश में गौ-हत्या को बैन करने की मांग करेंगे। उनकी मांग होगी कि सरकार गौ-हत्या को रोकने के लिए एक एक्शन प्लान तैयार करे।
पीएम मोदी ने गौ-रक्षकों पर उठाए थे सवाल
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में उन गौ-रक्षकों को निशाने पर लिया था जिन्होंने हिंसा का रास्ता अख्तियार किया था।
पीएम मोदी ने कहा था कि कुछ लोग रात में गैर-कानूनी काम करते हैं और दिन में गौ-रक्षा के नाम पर गुंडागर्दी करते हैं। पीएम मोदी ने ऐसे गौ-रक्षकों पर राज्य सरकारों से कार्रवाई की मांग की थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गौ-रक्षकों के खिलाफ सख्त रुख के विपरीत विश्व हिंदू परिषद गौरक्षा के मुद्दे पर पीछे हटने को तैयार नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications