Weather Alert: अगले तीन दिनों तक इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में आ सकती है बाढ़
नई दिल्ली: जून की शुरूआत में ही मानसून ने केरल में दस्तक दे दी थी। अब मानसून धीरे-धीरे अन्य राज्यों की ओर बढ़ रहा है। इस बीच उत्तर और पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। जिससे गर्मी से राहत मिलेगी, साथ ही धान की फसल को भी फायदा पहुंचेगा। वहीं दूसरी ओर भारी बारिश की वजह से कुछ राज्यों में बाढ़ भी आ सकती है, जिसको देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है।

बिहार समेत 6 राज्यों में अलर्ट
मौसम विज्ञान विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आरके जेनामनी के मुताबिक अगले तीन दिनों में असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, सिक्किम और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का अनुमान है। इस दौरान इन राज्यों के कई इलाकों में बाढ़ भी आ सकती है। जिसको लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं मौसम विभाग के अलर्ट के बाद राज्य सरकारों ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं, ताकी समय से राहत एवं बचाव कार्यों को चलाया जा सके। कई जगहों पर बारिश के साथ तेज हवाओं के भी चलने की संभावना जताई गई है।

असम में हजारों लोग प्रभावित
असम में पिछले एक हफ्ते से लगातार भारी बारिश हो रही है। जिस वजह से 100 से ज्यादा गांवों में पानी घुस गया है। बाढ़ की वजह से राज्य में 38 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि मृतकों का आंकड़ा 12 हो गया है। डिब्रूगढ़ में सीआरपीएफ हेडक्वार्टर में भी बाढ़ का पानी घुस गया, जिस वजह से जवानों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक ब्रह्मपुत्र नदी खतरे के निशान से सिर्फ एक मीटर नीचे है। जिसे देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है।

यूपी में भी सक्रिय हुआ मानसून
भीषण गर्मी का सामना कर रहे उत्तर प्रदेश वासियों के लिए अच्छी खबर है। अगले दो दिनों तक प्रदेश में कहीं सामान्य तो कहीं भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिणी-पश्चिमी मानसून उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पहुंच गया है। जिस वजह से राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में बारिश का सिलसिला शुरू हो चुका है। मौसम विभाग ने कानपुर, फर्रुखाबाद, हरदोई, सीतापुर, बाराबंकी, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, गोरखपुर, आजमगढ़, प्रतापगढ़, संत रविदास नगर, वाराणसी, मिर्जापुर में भी बारिश का अलर्ट जारी किया है।












Click it and Unblock the Notifications