वरुण गांधी का नया दांव, MSP की कानूनी गारंटी के लिए लाए प्राइवेट बिल, जानिए इसकी खास बातें
नई दिल्ली, 12 दिसम्बर। किसानों के मुद्दे पर लंबे समय से अपनी ही सरकार पर हमलावर रहे बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने अब एमएसपी पर नया दांव चला है। वरुण गांधी एमएसपी को कानूनी दर्जा देने के लिए प्राइवेट मेंबरशिप बिल लेकर आए हैं। इस बिल के माध्यम से बीजेपी सांसद ने 22 फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानूनी दर्जा देने की मांग की है।
Recommended Video

बिल को संसद में पेश किया जाना बाकी
वरुण गांधी जो प्राइवेट बिल को लेकर आए हैं उसे संसद में भेज दिया गया है लेकिन अभी इसे पेश किया जाना बाकी है। बिल को लेकर वरुण गांधी ने खुद ट्विटर पर जानकारी देते हुए लिखा है "भारत के किसानों और सरकारों ने कमीशन के अंदर और बाहर कृषि संकट पर लंबे समय से बहस की है।" उन्होंने आगे लिखा अब देश में "एक एमएसपी कानून का समय आ गया है। मैंने जो कानून बनाया है और उसे संसद में प्रस्तुत किया है। मैं किसी भी आलोचना का स्वागत करता हूं।"
भाजपा सांसद वरुण गांधी ने संसद में पेश किए गए एमएसपी बिल का ड्राफ्ट भी शेयर किया है। ड्राफ्ट में उत्पादन लागत का 50% लाभ मार्जिन, फसलों का संहिताकरण, 2 दिनों के भीतर भुगतान की बात कही गई है।

किसान के लिए मुआवजे का प्रावधान
'कृषि उत्पादों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य किसानों का अधिकार बिल 2021' शीर्षक वाले इस बिल का उद्देश्य 22 फसलों के लिए एमएसपी की गारंटी प्रदान करना है। बिल के मुताबिक एमएसपी को फसल की उत्पादन लागत के 50 प्रतिशत लाभ मार्जिन पर निर्धारित किया जाना चाहिए।
वरुण गांधी के प्राइवेट बिल के मुताबिक अगर घोषित एमएसपी से कम कीमत पर किसी किसान से खरीद की जाती है तो किसान को वसूली गई कीमत और एमएसपी के बीच होने वाले अंतर के बराबर मुआवजा दिया जाएगा।
इसमें यह भी प्रस्ताव है कि फसलों की खरीद के बाद भुगतान दो दिनों के भीतर सीधे किसानों के खातों में किया जाना चाहिए।

अपनी ही सरकार पर हमलावर वरुण
वरुण गांधी का यह प्रस्तावित कानून केंद्र सरकार द्वारा विवादास्पद तीन कृषि कानूनों को निरस्त करने के लिए एक विधेयक पेश करने के एक सप्ताह बाद आया है।
बीजेपी सांसद वरुण गांधी किसानों के मुद्दे पर लगातार अपनी ही सरकार पर हमलावर रहे हैं। यही नहीं लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में वे खुलकर सामने आए थे और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। लखीमपुर खीरी में किसानों को गाड़ी से कुचलकर मारने के मामले में अजय मिश्रा का बेटा मुख्य आरोपी है।












Click it and Unblock the Notifications