सोनिया की आवाज की नकल कर महान्यायवादी को धमकी
नई दिल्ली| भारत के महान्यायवादी जी ई वाहनवती को एक महिला फोनकर्ता ने खुद को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी बताते हुए धमकी दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की है कि महान्यायवादी ने फर्जी फोन कॉल की शिकायत की, उसके बाद मामला दर्ज कर लिया गया।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "हमने महान्यायवादी से एक शिकायत प्राप्त की है और हमने प्राथमिक जांच पूरी की है। जैसे ही कोई जानकारी जनता के हित की होगी हम प्रेस को सूचना देंगे।" अधिकारी ने कहा कि फोन वाहनवती के लैंडलाइन नंबर पर किया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि वाहनवती को इस तरह के फर्जी फोन आना इस महीने की शुरुआत से ही शुरू हुआ है। एक कॉल में एक व्यक्ति ने दावा किया कि वह सोनिया गांधी के कार्यालय से बोल रहा है।

अधिकारी ने कहा कि उसके बाद सोनिया गांधी के एक सितंबर को न्यूयार्क जाने के बाद वाहनवती ने एक कॉल रिसीव की जिसमें कोई महिला ठीक सोनिया गांधी की आवाज में बात कर रही थी। फर्जी फोन करने वाली महिला ने कहा कि वह वाहनवती के अब तक के प्रदर्शन से खुश नहीं है। सर्वोच्च न्यायालय में एक संवाददाता द्वारा पूछे जाने पर महान्यायवादी ने इस संदर्भ में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications