Uttarakhand News: रक्षाबंधन पर सीएम धामी का महिलाओं को बड़ा तोहफा, 60 साल की उम्र से रोडवेज बसों में मुफ्त सफर

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पी. एस. धामी ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए व्यापक उपायों की घोषणा की है, जिसमें 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र की महिलाओं के लिए मुफ्त सड़क यात्रा, देहरादून में दस पिंक ई-बसें, महिला उद्यमियों के लिए बैंक ऋण सीमा में वृद्धि और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर हाई-टेक शौचालयों का विकास शामिल है। इस योजना में महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा और आर्थिक स्वतंत्रता के उद्देश्य से शासन पर भी जोर दिया गया है।

रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महिलाओं के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री ने 60 वर्ष की आयु से महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने, देहरादून में महिलाओं के लिए 10 पिंक ई-बसें समर्पित करने और महिला स्वरोजगार योजना के तहत रियायती बैंक ऋण की सीमा बढ़ाकर 2.50 लाख रुपये करने की घोषणा की।

Uttarakhand Announces Women Empowerment Initiatives

इसके साथ ही प्रदेश के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और पर्यटन स्थलों पर महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक हाईटेक टॉयलेट विकसित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की कि प्रदेश में 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को रोडवेज बसों में मिलने वाली मुफ्त यात्रा की सुविधा अब 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं को भी दी जाएगी। सरकार के इस फैसले से प्रदेश की बुजुर्ग महिलाओं को सुरक्षित और सुगम सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिल सकेगी।

देहरादून में चलेंगी 10 पिंक ई-बसें

प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत उत्तराखंड को मिलने वाली 137 इलेक्ट्रिक बसों में से देहरादून में संचालित होने वाली 100 बसों में 10 बसें महिलाओं के लिए पिंक ई-बस के रूप में समर्पित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सुविधा का चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी विस्तार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध हो सके।

महिला स्वरोजगार योजना में बढ़ी ऋण सीमा

महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने महिला स्वरोजगार योजना के तहत रियायती बैंक ऋण की सीमा 2 लाख रुपये से बढ़ाकर 2.50 लाख रुपये करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि महिलाएं केवल रोजगार तलाशने वाली न बनें, बल्कि रोजगार देने वाली बनें। इसके लिए उन्हें स्वरोजगार शुरू करने के लिए आवश्यक पूंजी उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

प्रमुख स्थानों पर बनेंगे हाईटेक टॉयलेट

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, पर्यटन स्थलों और अन्य आवश्यक स्थानों पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त हाईटेक टॉयलेट विकसित करने की घोषणा की। इनमें स्वच्छता के साथ महिलाओं की निजता, सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति की गरिमा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

चकरपुर में बहनों ने मुख्यमंत्री को बांधी राखी

रक्षाबंधन के अवसर पर चकरपुर स्टेडियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मौजूद बहनों ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बहनों का प्रेम और स्नेह उन्हें जनसेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि यही स्नेह उन्हें प्रदेश की जनता के लिए और अधिक मेहनत करने की ऊर्जा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक है। भारतीय संस्कृति में यह रिश्ता परिवार और समाज को मजबूत करने की प्रेरणा देता रहा है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन महिलाओं के सम्मान और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का भी स्मरण कराता है। इसी भावना के साथ राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है।

मोदी सरकार ने महिलाओं को दी प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 से महिलाओं को अपनी नीतियों और योजनाओं में प्राथमिकता दी है। जनधन योजना के माध्यम से महिलाओं को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया, जबकि मुद्रा योजना के जरिए उन्हें स्वरोजगार के लिए पूंजी उपलब्ध कराने के अवसर मिले। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को गैस कनेक्शन दिए गए। स्वच्छ भारत मिशन के तहत घर-घर शौचालयों का निर्माण कर महिलाओं की गरिमा और निजता को मजबूत किया गया। उन्होंने महिला राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की दिशा में किए गए फैसले का भी उल्लेख किया।

नंदा गौरा योजना से बेटियों को मिल रही आर्थिक मदद

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड सरकार भी महिलाओं और बेटियों को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और कक्षा 12वीं पास करने पर 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना के तहत प्रसव के बाद मां और शिशु की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, 181 महिला हेल्पलाइन और वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षा और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण सुनिश्चित किया है। उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जहां समान नागरिक संहिता लागू की गई है।

स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी बनाना नहीं, बल्कि उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ाना और रोजगार देने वाला बनाना है। इसी उद्देश्य से स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के माध्यम से महिलाओं के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए सभी विकासखंडों में केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।

देहरादून में प्रदेश के सभी 13 जिलों के उत्पादों की बिक्री के लिए 13 सेंटर स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं कठिन परिस्थितियों में भी उत्कृष्ट उत्पाद तैयार कर रही हैं और इन उत्पादों की मांग देश के साथ-साथ विदेशों में भी बढ़ रही है।

3.09 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में अब तक 3 लाख 9 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने बहनों से लखपति दीदी बनने के बाद अब करोड़पति दीदी बनने का लक्ष्य रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी पहल केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास, आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। सरकार महिलाओं की इस यात्रा में उनके साथ खड़ी है।

'एक भाई के रूप में अपना कर्तव्य निभाऊंगा'

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, "मैं एक भाई के रूप में हमेशा अपना कर्तव्य पूरी ईमानदारी के साथ निभाऊंगा।" उन्होंने कहा कि माताओं और बहनों की सेवा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की माताओं और बहनों के भाई और बेटे के रूप में सेवा करना उनके लिए गर्व की बात है। मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि जब तक प्रदेश की प्रत्येक बहन सम्मानित, सशक्त और आत्मनिर्भर नहीं हो जाती, तब तक सरकार इसी संकल्प के साथ महिला सशक्तिकरण और प्रदेश की उन्नति के लिए काम करती रहेगी।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+