राहुल के जनेऊ पर उत्तराखंड के सीएम बोले- 'किसी को भी शैंपू या साबुन से नहलाओगे, वो घोड़ा नहीं बनेगा'
देहरादून। गुजरात चुनाव के मद्देनजर नेताओं की बयानबाजी का क्रम थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस चुनाव में राहुल गांधी के मंदिर जाने, उनके हिन्दू-गैर हिन्दू होने की बहस जब शुरू हुई तो उस पर प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया। इसी कड़ी में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी शामिल हो गए हैं। राहुल के जनेऊधारी हिन्दू होने से जुड़े सवाल पर रावत ने कहा कि किसी को भी शैंपू या साबुन से नहलाओगे, वो घोड़ा नहीं बनेगा। गौरतलब है कि राहुल गांधी गुजरात चुनाव प्रचार के लिए सोमनाथ पहुंचे थे। वहां राहुल ने सोमनाथ मंदिर के दर्शन किए। उन्होंने इस दौरान मंदिर में जलाभिषेक कर दर्शन-पूजन किया। राहुल गांधी ने मंदिर में काफी देर तक पूजा अर्चना की। यह 19वीं बार है जब राहुल मंदिर पहुंचे थे।

राहुल और अहमद पटेल बुधवार को सोमनाथ मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे थे। इस दौरान इन दोनों ने विजिटर बुक में एंट्री की। इस बुक की एक तस्वीर के आधार पर बताया जा रहा है कि राहुल ने इसमें खुद को हिन्दू नहीं लिखा है। हालांकि विजिटर बुक पर राहुल गांधी के दस्तखत नहीं है। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी के हस्ताक्षर दिखाते हुए कहा था कि विजिटर बुक पर उनके हस्ताक्षर नहीं हैं, ना ही राहुल ने गैर-हिन्दू के तौर पर दस्तखत किए हैं। ये सिर्फ भाजपा का मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास है।
इतना ही नहीं कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि राहुल तो जनेऊधारी हिन्दू हैं और उनको लेकर इस तरह की बहस बिल्कुल फिजूल है। सुरजेवाला ने भी इसे भाजपा की ओछी राजनीति कहा है। वहीं भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा था कि किसी के धर्म पर सवाल अहम है और इस पर राहुल गांधी को खुद जवाब देना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications