UP News: सिंगापुर में सीएम योगी की जीआईसी के साथ दीर्घकालिक निवेश पर विस्तृत चर्चा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में दीर्घकालिक निवेश की संभावना तलाशने के लिए सिंगापुर में गवर्नमेंट ऑफ सिंगापुर इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन के लिम चाओ किआट के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। चर्चा में लॉजिस्टिक्स, ऊर्जा भंडारण, डेटा सेंटर, वाणिज्यिक रियल एस्टेट, फिनटेक और कौशल विकास शामिल थे, जिसमें एक स्थिर, निवेशक-अनुकूल वातावरण पर जोर दिया गया।
उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंगापुर दौरे के दौरान प्रमुख संप्रभु निवेश संस्था जीआईसी (Government of Singapore Investment Corporation) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लिम चो किआट (Lim Chow Kiat) और उनकी टीम के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस उच्चस्तरीय बैठक में उत्तर प्रदेश में जीआईसी के दीर्घकालिक निवेश की संभावनाओं पर व्यापक चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने जीआईसी को राज्य में निवेश के अवसरों का अन्वेषण करने के लिए आमंत्रित करते हुए नीतिगत स्थिरता, सुशासन, मजबूत कानून-व्यवस्था, 25 करोड़ से अधिक की उपभोक्ता आबादी और तेजी से विकसित हो रहे बुनियादी ढांचे को प्रमुख आकर्षण बताया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और सरकार निवेशकों को सुरक्षित, पारदर्शी तथा अनुकूल वातावरण उपलब्ध करा रही है।
बैठक में औद्योगिक कॉरिडोर के किनारे लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास, अक्षय ऊर्जा और ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं, डेटा सेंटर एवं डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, उभरते शहरी केंद्रों में वाणिज्यिक रियल एस्टेट और इंटीग्रेटेड टाउनशिप, एमएसएमई इकोसिस्टम के अनुरूप फिनटेक व डिजिटल प्लेटफॉर्म तथा भविष्य उन्मुख उद्योगों के लिए कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तर प्रदेश को ‘फ्यूचर-रेडी’ औद्योगिक और आर्थिक हब के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क, डिफेंस कॉरिडोर, डेटा सेंटर पार्क और नए औद्योगिक शहरों का तेजी से विकास हो रहा है, जो दीर्घकालिक निवेशकों के लिए स्थिर और लाभकारी अवसर प्रदान करते हैं।
जीआईसी विश्व की प्रमुख दीर्घकालिक संप्रभु संपत्ति निवेश संस्थाओं में से एक है और भारत में अवसंरचना, रियल एस्टेट, फिनटेक तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म क्षेत्रों में इसका मजबूत निवेश आधार है। इस संदर्भ में मुख्यमंत्री और जीआईसी के बीच हुई यह बैठक उत्तर प्रदेश में वैश्विक पूंजी निवेश को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है। गौरतलब है कि निवेश आकर्षित करने के इसी क्रम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य यूरोप दौरे पर हैं।












Click it and Unblock the Notifications