उपेंद्र कुशवाहा का दावा, बिहार का अगला सीएम नहीं बनना चाहते नीतीश
नई दिल्ली। बिहार में एनडीए के घटक दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान के बीच आरएलएसपी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार के बारे में एक बयान देकर सियासी पारे को और चढ़ा दिया है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर उपेंद्र कुशवाहा ने जो कुछ कहा है वो एनडीए के सहयोगी दल जेडीयू को असहज जरूर कर सकता है।

उपेंद्र कुशवाहा के बयान से बिहार की राजनीति गरमाई
पटना में एक कार्यक्रम के दौरान उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ना चाहते हैं। हालांकि उन्होंने साफ किया कि वे नीतीश कुमार के इस्तीफे को लेकर मांग नहीं कर रहे हैं और ना ही मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई राजनीति कर रहे हैं लेकिन उन्होंने कहा दावा किया कि नीतीश कुमार खुद 2020 में मुख्यमंत्री नहीं बनना चाहते हैं।

'सीएम नहीं बनना चाहते नीतीश कुमार'
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार से बेहतर उन्हें कोई और नहीं जानता है। वहीं, उपेंद्र कुशवाहा द्वारा नीतीश कुमार को लेकर दिए गए बयान के बाद सियासी हलचलें बढ़ी हैं तो जेडीयू या नीतीश कुमार की तरफ से इसको लेकर बयान नहीं आया है। दोनों ही दल बिहार में बीजेपी के सहयोगी हैं और जिस प्रकार की खबरें हाल के दिनों में आई हैं, नीतीश कुमार के एनडीए में लौटने के बाद कुशवाहा की पार्टी को सीटों के मामले में नुकसान होता दिखाई दे रहा है।

एनडीए में सीटों के बंटवारे को लेकर जारी है घमासान
बता दें कि बिहार में सीटों के बंटवारे को लेकर एनडीए के अंदर खींचतान अभी जारी भी है। उपेंद्र कुशवाहा बीजेपी से सम्मानजनक सीटों की मांग कर रहे हैं। मंगलवार को उपेंद्र कुशवाहा और बीजेपी नेता भूपेंद्र यादव के बीच इस मुद्दे पर बातचीत हुई थी, लेकिन कोई संतोषजनक परिणाम निकलता दिखाई नहीं दिया। वहीं, कुशवाहा ने एलजेपी नेता रामविलास पासवान से भी इस मसले पर बात की थी।












Click it and Unblock the Notifications