मायावती पर टिकट के लिए दस करोड़ मांगने का आरोप लगा पूर्व सांसद बब्बन राजभर ने बसपा छोड़ी
मायावती पर दस करोड़ मांगने का आरोप लगा पूर्व सांसद बब्बन राजभर ने बसपा छोड़ी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सलेमपुर लोकसभा सीट से सांसद रहे बब्बन राजभर ने बहुजन समाज पार्टी छोड़ दी है। बब्बन राजभर ने पार्टी अध्यक्ष मायावती पर टिकट के बदले रुपए मांगने का आरोप लगाया और कहा कि वो काशी राम के मिशन और सपनों पर नहीं चल रही हैं। बब्बन ने कहा है कि लोकसभा के टिकट के लिए उनसे दस करोड़ रुपए मांगे जा रहे थे। बसपा के पूर्व सांसद बब्बन अखिल भारतीय राजभर संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक भी हैं।

बब्बन राजभर बलिया की सलेमपुर लोकसभा सीट से 1999 में बसपा के टिकट पर सांसद चुने गए थे। 2019 के लोकसभा में भी उनके बसपा पर टिकट पर लड़ने की बात कही जा रही थी। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि लोकसभा टिकट के लिए पार्टी दस करोड़ की मांग कर रही है, साथ ही पार्टी के लिए भी मोटी रकम की डिमांड की जा रही है। जो उनके बस से बाहर की बात है, इसलिए पार्टी से इस्तीफा दे रहे हैं।
बब्बन राजभर ने कहा कि कांशीराम जब तक रहे तब तक काम करने वाले और मेहनती लोगों को तरजीह दी गई। अब जिसके पाल पैसा है, उसी की पार्टी में बात है। बब्बन ने कहा कि मायावती की इन नीतियों की वजह से ही आज पार्टी का एक भी सांसद नहीं है और लगातार पार्टी का आधार खिसकता जा रहा है। पूर्व सांसद ने कहा कि बसपा से इस्तीफे के बाद समर्थकों के साथ बैठकर तय करेंगे कि आगे की राजनीति कैसे करनी है। इस दौरान उन्होंने भीम आर्मी को दलितों के लिए सही मायनों में संघर्ष करने वाला संगठन बताया।












Click it and Unblock the Notifications