जब पति-पत्नी के पीछे आ गई डायल-100 पुलिस, लेकिन हैप्पी एंडिग के लिए
जब पति-पत्नी के पीछे आ गई डायल-100 पुलिस, लेकिन हैप्पी एंडिग के लिए
नई दिल्ली। अक्सर हम पुलिसकर्मियों से जुड़ी कुछ घटनाओं के कारण पूरे पुलिस विभाग को लेकर एक नेगेटिव छवि बना लेते हैं। मसलन अगर किसी पुलिसकर्मी ने हमारे साथ ठीक व्यवहार नहीं किया तो हम समझ लेते हैं कि हर पुलिसवाला ऐसा ही होता है। लेकिन... बिना साप्ताहिक छुट्टी और लगभग हर त्यौहार को 'अपनों' से दूर रहकर ड्यूटी करते हुए मनाने वाले यूपी पुलिस के कर्मचारियों को लेकर कई ऐसी खबरें भी हैं, जो आपको उनके व्यवहार के प्रति सोचने पर मजबूर कर देंगी। ताजा मामला यूपी के औरेया जिले का है, जहां डायल 100 पर तैनात कुछ पुलिसकर्मियों ने एक पति-पत्नी को ऐसी मुसीबत से निकाला, जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी। इस पूरे मामले को आईपीएस अधिकारी नवनीत सिकेरा ने अपने फेसबुक पेज पर शेयर किया है। आप भी उन्हीं के शब्दों में इस पूरे मामले को जानिए...

ब्रेकर ने तोड़ा, पुलिस ने जोड़ा
आईपीएस अधिकारी नवनीत सिकेरा ने अपने फेसबुक पेज पर घटना के फोटो और जानकारी शेयर करते हुए लिखा है, 'सात जन्म का रिश्ता एक 'ब्रेकर' कैसे तोड़ सकता है?? ब्रेकर ने प्रयास तो किया लेकिन @up100 बीच में कूद पड़ी, आते ही जोड़ दिया।
हुआ ये था कि ये औरैया में अपने पति के साथ बाइक पर जा रहीं थीं। ब्रेकर पर ये उछलकर गिर गईं। पति देव को इसका आभास तक नहीं हुआ। पीछे पीआरवी आ रही थी तो उन्हें घटना बताई...फिर पीआरवी ने क़रीब 5 कि०मी० पीछाकर उन्हें रोका तब पत्नी को सुपुर्द किया।
पति जी उम्मीद है आज आपको खाना मिल ही जाएगा
अगर खाना मिल जाए तो UP-100 को एक बार धन्यवाद कह दीजिएगा'

सब पुलिसवाले एक जैसे नहीं होते
ये फेसबुक पोस्ट पढ़कर आपको समझ आ गया होगा कि यूपी पुलिस ने कैसे पति-पत्नी के बीच होने वाले एक बड़े झगड़े को बचा लिया। आईपीएस नवनीत सिकेरा अक्सर यूपी पुलिस से जुड़ी ऐसी घटनाएं अपने फेसबुक पेज पर शेयर करते रहते हैं। इससे पहले पिछले साल अक्टूबर में उन्होंने झांसी में तैनात एक महिला कांस्टेबल की कुछ तस्वीरों को शेयर किया था। तस्वीरों में नजर आ रहा था कि महिला कांस्टेबल, जिनका नाम अर्चना बताया गया, कोतवाली में जहां अपनी ड्यूटी को अंजाम दे रही थी तो वहीं उन्होंने डेस्क पर अपने बच्चे को लिटाया हुआ था। बच्चे के बराबर में ही उसकी दूध की बोतल रखी थी। बच्चा गहरी नींद में सोया हुआ था और महिला कांस्टेबल अर्चना रजिस्टर लेकर अपना काम निपटा रही थीं।
अक्सर सिकेरा शेयर करते हैं ऐसी घटनाएं
आईपीएस नवनीत सिकेरा ने जैसे ही सोशल मीडिया पर इन तस्वीरों को शेयर किया तो ये वायरल हो गईं। महिला कांस्टेबल की तस्वीरों को शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, 'फर्ज मां का भी और खाकी का भी। मां अपने फर्ज को किस प्रकार निभा रही है देखें।' लोगों ने इस महिला कांस्टेबल के जज्बे की जमकर तारीफ की। बाद में जब ये मामला झांसी जिले के पुलिस के उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आया तो उन्होंने भी महिला कांस्टेबल की काफी तारीफ की और उनका तबादला उनके नजदीकी जनपद में कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications