राहुल गांधी ने लखीमपुर खीरी घटना को बताया किसानों पर सुनियोजित हमला, बोले- मिलने जाऊंगा
नई दिल्ली, 6 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश में लखीमपुर खीरी घटना को लेकर बवाल मचा हुआ है। इस मामले पर बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि किसानों को जीप से कुचला जा रहा है, उनकी हत्या की जा रही है, इस घटना (लखीमपुर खीरी) में एक केंद्रीय मंत्री और उनके बेटे का नाम सामने आ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए आगे कहा, कल (मंगलवार) पीएम लखनऊ गए लेकिन लखीमपुर खीरी नहीं गए। यह किसानों पर सुनियोजित हमला है।

लखीमपुर खीरी हिंसा पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा,
इस मुद्दे को उठाना मीडिया की जिम्मेदारी है, लेकिन जब हम सवाल पूछते हैं, इस मुद्दे को उठाते हैं, तो आप (मीडिया) कहते हैं कि हम राजनीति कर रहे हैं। वह दो सीएम के साथ लखनऊ जाएंगे। वहां से लखीमपुर जाने की कोशिश करेंगे। धारा-144 में भी तीन लोग तो जा ही सकते हैं। हम लखीमपुर में जमीनी हालात देखना चाहते हैं। प्रियंका या मुझे गिरफ्तार करने से कोई फर्क नहीं पड़ता। संघर्ष की हमारी ट्रेनिंग है। यह किसानों का मुद्दा है।
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी के गढ़ वायनाड से कांग्रेस को बड़ा झटका, पूर्व जिलाध्यक्ष ने दिया इस्तीफा, लगाए ये आरोप
गौरतलब है कि रविवार को कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों को एक जीप ने कुचल दिया था। आरोप है कि गाड़ी केंद्रीय राज्य मंत्री अजय मिश्रा का बेटा आशीष मिश्रा चला रहा था। इस घटना में 8 लोगों की मौत हो गई है, वहीं विपक्षी नेता लगातार पीड़ितों से मिलने लखीमपुर खीरी जाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन उन्हें जाने नहीं दिया जा रहा। प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया गया है।
राहुल को लखीमपुर जाने की अनुमति नहीं
उधर, राहुल गांधी के लखीमपुर खीरी रवाना होने से पहले लखनऊ पुलिस आयुक्त डीके ठाकुर ने बताया, राज्य सरकार ने राहुल गांधी को अनुमति देने से इनकार कर दिया है। यदि वह लखनऊ आते हैं, तो हम उनसे हवाई अड्डे पर लखीमपुर खीरी और सीतापुर न जाने का अनुरोध करेंगे। लखीमपुर और सीतापुर के एसपी और डीएम ने हमें कानून-व्यवस्था की स्थिति के मद्देनजर उन्हें आने से रोकने का आग्रह किया।












Click it and Unblock the Notifications