राहुल गांधी के गढ़ वायनाड से कांग्रेस को बड़ा झटका, पूर्व जिलाध्यक्ष ने दिया इस्तीफा, लगाए ये आरोप
वायनाड, 06 अक्टूबर। केरल के वायनाड से कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। यहां पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष पीवी बालाचंद्रन ने इस्तीफा दे दिया है। बालाचंद्रन ने मंगलवार को पार्टी पर आरोप लगाया कि वह अपनी दिशा खो चुकी है और इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस को नमस्ते कर दिया। गौर करने वाली बात है कि वायनाड से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी सांसद हैं। ऐसे में यहां के पूर्व जिलाध्यक्ष का इस्तीफा देना राहुल गांधी के नेतृत्व पर भी सवाल खड़ा करता है। पिछले कुछ दिनों में कांग्रेस के लिए अलग-अलग प्रदेश से इस तरह की कई खबरें सामने आ रही है। पंजाब में पार्टी अबी भी राजनीतिक संकट का सामना कर रही है।

पीवी बालचंद्रन जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष होने के साथ पार्टी के काफी वरिष्ठ नेता थे। लेकिन मंगलवार को जिस तरह से उन्होंने पार्टी छोड़ी उसके बाद पार्टी की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा को आगे बढ़ने से रोक नहीं सकी। पीवी बालचंद्र कांग्रेस के साथ पिछले 52 सालों से जुड़े रहे। उन्होंने कहा कि देश में बहुसंख्यक और अल्पसंख्यक दोनों ही कांग्रेस से दूरी बना रहे हैं, जिस पार्टी ने अपनी दिशा को खो दिया है लोग उससे दूर जा रहे हैं, लोग उस पार्टी के साथ खड़े नहीं होना चाहते हैं।
बता दें कि इससे पहले भी कांग्रेस के कई नेता पार्टी से दूर जा चुके हैं। इससे पहले पूर्व विधायक केसी रोसाकुट्टी, केपीसीसी सचिव एमएस विश्वनाथ, डीसीसी महासचिव अनिल कुमा ने भी अप्रैल माह में पार्टी को अलविदा कह दिया था। जिस तरह से एक के बाद एक वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी को नमस्ते किया उसके बाद कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। केरल के अलावा पंजाब, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश में भी कांग्रेस के नेताओं में असंतोष की खबरे पिछले कुछ समय में सामने आई हैं।












Click it and Unblock the Notifications