यूपी के जल शक्ति मंत्री का ऐलान, जल संरक्षण पर कानून लेकर आएगी योगी सरकार
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री डॉ महेंद्र सिंह गुरुवार को गोरखपुर में स्थित दीन दयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय में आयोजित एक वेबिनार में शामिल हुए। यहां उन्होंने कहा कि यूपी सरकार वर्षा जल संग्रहण के लिए बहुत जल्द नया कानून लाने वाली है। जल संरक्षण के लिए यूपी सरकार प्रयासरत है। डॉक्टर महेंद्र सिंह ने कहा कि आज के समय में जल संरक्षण बहुत जरूरी है, इसलिए प्रदेश सरकार जल संरक्षण के लिए कानून लेकर आएगी, ताकि खेती की उपज बढ़ाई जाएगी।

'हर घर नल योजना' का पूर्वांचल में होगा विस्तार
डॉक्टर महेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार की तरफ से जल संरक्षण के साथ ही शुद्ध पेयजल की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है। हमने खेत ताल योजना शुरू की है। बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र के लिए हर घर नल योजना शुरू हो चुकी। शीघ्र ही पूर्वांचल सहित अन्य क्षेत्रों में भी इसका विस्तार होगा। हमारा प्रयास है कि खेत का पानी खेत में और छत का पानी धरती की गोद में जाए। जल शक्ति मंत्री ने कहा कि इस संगोष्ठी में मंथन से जो निष्कर्ष निकलेगा, उस पर सरकार निर्णय लेकर बेहतर कार्य करेगी। इस तकनीकी सत्र में मुख्य वक्ता जल शक्ति विभाग के अपर मुख्य सचिव टी वेंकटेश ने जल संसाधन प्रबंधन, चुनौतियां व समाधान विषय पर वक्तव्य दिया।
वेबिनार में कौन-कौन हुआ शामिल
इस वेबिनार में 2030 वाटर रिसोर्स ग्रुप के वरिष्ठ सलाहकार डॉ अनिल सिन्हा, गोरखपुर विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के प्रो एसएस वर्मा, बीएबीयू लखनऊ के डॉ वेंकटेश दत्ता, गोरखपुर विश्वविद्यालय के समाज शास्त्र विभाग के डॉ प्रकाश प्रियदर्शी ने भी जल क्षेत्र की समस्या व प्रबंधन के लिए रणनीति व भावी नीति पर चर्चा की। सत्र की सह अध्यक्षता गोरखपुर विश्वविद्यालय के बायो टेक्नोलॉजी विभाग के प्रो शरद मिश्रा ने की।












Click it and Unblock the Notifications