ज्योतिरादित्य सिंधिया कोरोना पॉजिटिव, भोपाल में बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक में हुए थे शामिल
त्योहारी सीजन बीतने के बाद भी देश में कोरोना के मामले कंट्रोल में हैं, लेकिन सरकार अभी भी लोगों से एहतियात बरतने की अपील कर रही। इस बीच मंगलवार को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी इस वायरस की चपेट में आ गए। उन्होंने ट्वीट करके इस बात की जानकारी दी। फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य बनी हुई है। साथ ही उन्होंने अपने संपर्क में आए लोगों को जांच करवाने की सलाह दी है।

सिंधिया ने ट्वीट कर लिखा कि मैं आप सभी को सूचित करना चाहता हूं कि डॉक्टरों के परामर्श पर कराई गई कोविड-19 की जांच में मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। आप सभी से मेरा निवेदन है कि पिछले कुछ दिनों में जो भी मेरे सम्पर्क में आएं हैं, वो सभी निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर अपनी जांच करवायें।
बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक बीच में छोड़ी
वहीं दूसरी ओर मंगलवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक हुई। जिसमें सिंधिया के साथ बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद थे। इस बैठक में मिशन 2023 और 2024 को लेकर भी चर्चा हुई, लेकिन कुछ ही देर बाद सिंधिया वहां से निकल गए। इसके बाद वो दिल्ली के लिए रवाना हुए। जिस वजह से राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही थीं। पहले माना जा रहा था कि सिंधिया ने नाराजगी की वजह से बैठक छोड़ी, लेकिन अब पता चला है कि बैठक के दौरान ही उनकी तबीयत खराब हो गई थी। ऐसे में वो दिल्ली आ गए।
क्या हैं देश में हालात?
मंगलवार सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक बीते 24 घंटों में कोरोना के 625 नए मामले सामने आए। राहत की बात ये रही कि किसी भी मरीज की जान इस अवधि में नहीं गई। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 31 महीने के बाद इतने कम मामले रिपोर्ट हुए हैं। इससे पहले 9 अप्रैल 2020 को 540 मामले सामने आए थे।












Click it and Unblock the Notifications