केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान का निधन, आज देश में रहेगा राजकीय शोक
नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान (74) का गुरुवार को निधन हो गया। वो लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे। जिस वजह से 4 दिन पहले ही दिल्ली के एक अस्पताल में उनके दिल का ऑपरेशन हुआ था। तब से उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बाद भी उनकी जान नहीं बच पाई और गुरुवार देर शाम अस्पताल में ही उन्होंने अंतिम सांस ली। वहीं केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पासवान के निधन पर राजकीय शोक का ऐलान किया है। जिसके तहत शुक्रवार को देश में उन इमारतों, जहां पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, वहां पर आधा झुका रहेगा।
Recommended Video

राम विलास पासवान के बेटे चिराग पासवान ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि पापा....अब आप इस दुनिया में नहीं हैं लेकिन मुझे पता है आप जहां भी हैं हमेशा मेरे साथ हैं। Miss you Papa...। चिराग के अलावा लोकजनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ता भी उनके निधन से स्तब्ध हैं। बिहार चुनाव की व्यस्तता के बीच चिराग उनके अंतिम दिनों में उनके साथ अस्पताल में काफी वक्त बिताते थे।
पिता की तबीयत को लेकर चिंतित थे चिराग
इस महीने के अंत में बिहार में विधानसभा चुनाव होने हैं। हाल ही में पासवान की पार्टी ने बिहार में एनडीए से अलग होकर अकेले लड़ने का फैसला लिया था। जिस वजह से पार्टी की सारी अहम जिम्मेदारियां चिराग के ऊपर ही थीं। ऐसे में चिराग ने पार्टी कार्यकर्ताओं को एक बेहद भावपूर्ण चिट्ठी लिखी थी। जिसमें उन्होंने कहा था कि आज मेरे पिता को जब मेरी जरूरत है तो मुझे उनके साथ रहना चाहिए नहीं तो मैं अपने आपको माफ नहीं कर पाऊंगा।
6 बार बने कैबिनेट मंत्री
राम विलास पासवान का जन्म बिहार के खगड़िया जिले के शहरबन्नी गांव में रहने वाले एक दलित परिवार में हुआ था। पासवान ने कोसी कॉलेज, पिल्खी और पटना विश्वविद्यालय से कानून में स्नातक और मास्टर ऑफ आर्ट्स की डिग्री हासिल की। जिसके बाद उनकी शादी राजकुमारी देवी से हुई। 2014 में उन्होंने खुलासा किया कि उनके 1981 में लोकसभा के नामांकन पत्र को चुनौती दिए जाने के बाद उन्होंने राजकुमारी देवी को तलाक दे दिया था। उनकी पहली पत्नी से दो बेटियां, उषा और आशा हैं, जबकि दूसरी पत्नी के बेटे चिराग पासवान हैं। पासवान के राजनीतिक कद का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि वो 6 बार कैबिनेट मंत्री रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications