Budget 2020: कपिल सिब्बल बोले- अच्छी बात है वित्तमंत्री ने राजकोषीय घाटा 3.8 प्रतिशत होना स्वीकारा
.
नई दिल्ली। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण के बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद कपिल सिब्बल ने कहा है कि राजकोषीय घाटे के आंकड़े से साफ है कि देश की अर्थव्यवस्था चिंताजनक है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने बजट भाषण पर कहा, मुझे खुशी है वित्तमंत्री ने ये स्वीकार किया कि राजकोषीय घाटा 3.8 प्रतिशत है। उनको देश को यह भी बताना चाहिए था कि अगर आप यूनियन और स्टेट का घाटा जोड़े तो यह 8 प्रतिशत से ज्यादा है जो देश के लिए चिंता की स्थिति है।

वित्तमंत्री ने बजट भाषण में बताया है कि 2020-21 में राजकोषीय घाटा 3.5 प्रतिशत रहने का अनुमान है। ये साल 2019-20 में 3.8 प्रतिशत है। साल 2020 -21 के लिए निवल बाजार (नेट मार्किट) उधार 5.36 लाख करोड़ रुपए होगा। वित्त वर्ष 19-20 में सरकारी खर्च 26.19 लाख करोड़ रुपए है। इसी पर कपिल सिब्बल का बयान आया है।
बजट पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, भारत के सामने आज मुख्य मुद्दा बेरोजगारी और अर्थव्यवस्था की हालत है। इस पर कोई केंद्रित ठोस रणनीतिक योजना इस बजट में नहीं थी। इतिहास में सबसे लंबा बजट था लेकिन इसमें कुछ था नहीं, खोखला था। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, एक अच्छी चीज शायद आयकर में दी गई छूट हो सकती है। 12.5 लाख के नीचे की आय वाले मध्यम वर्गीय परिवारों को इससे राहत मिलेगी। उसके अलावा बजट में कुछ खास नहीं है।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण वित्त वर्ष 2020-21 का आम बजट आज (1 फरवरी)पेश किया है। करीब पौने तीन घंटे के अपने बजट भाषण में वित्तमंत्री ने कई बड़े ऐलान किए हैं। टैक्स को लेकर बजट भाषण में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, अब पांच लाख से साढ़े सात लाख तक कमाई वाले लोगों को 10 फीसदी टैक्स देना होगा, जो अब तक 20 फीसदी था। वहीं, 7.5 लाख से 10 लाख आमदनी पर अब 15 फीसदी टैक्स, 10 लाख से 12.5 लाख आमदनी पर अब 20 फीसदी टैक्स, 12.5 फीसदी से 15 लाख तक की आमदनी पर 25 फीसदी टैक्स देना होगा और 15 लाख से ऊपर आमदनी वाले को 30 फीसदी टैक्स देना होगा।












Click it and Unblock the Notifications