'सभी दल तय करेंगे रणनीति, उतरेंगे सड़कों पर...', मतगणना के बीच उदित राज ने बताया इंडी का 'फ्यूचर प्लान'
उत्तर पश्चिम दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार उदित राज ने कहा कि आम चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद इंडिया ब्लॉक की सभी पार्टियां अपनी रणनीति तय करेंगी। उन्होंने एग्जिट पोल के नतीजों को खारिज किया और आरोप लगाया के चुनावी सर्वे को देखकर ऐसा लगता है कि ये बीजेपी कार्यालय में तैयार किए गए हैं। उदित ने इसे एक बड़ी साजिश बताया और कहा कि देश के लोकतंत्र के लिए खतरा बढ़ता जा है, ऐसे में आईएनडीआईए गठबंधन को और अधिक मजबूती के साथ काम करने की जरूरत है।
चुनाव के नतीजे के घोषित होने से पहले ही कांग्रेस कैंडिडेट उदित राज ने बीजेपी की जीत के संकेत दिए। उन्होंने एक बयान में कहा कि आईएनडीआईए में शामिल दल चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद लोकतंत्र को बचाने के लिए सड़कों पर उतरेंगे। उन्होंने कहा, "सभी दलों के नेता विकल्पों के बारे में फैसला करेंगे। चर्चा होगी और फिर कार्रवाई के बारे में बताया जाएगा। हम लोकतंत्र को बचाने के लिए सड़कों पर उतरेंगे क्योंकि लोकतंत्र उनकी (भाजपा) विरासत नहीं है...वे (भाजपा) लोकतंत्र में विश्वास नहीं करते हैं, वे संविधान बदलना चाहते हैं...।"

मतदान होने के बाद जारी एग्जिट पोल के नतीजों को लेकर उदित राज ने असहमति जताई। उन्होंने कहा, "जिस तरह से एग्जिट पोल ने इस बार नतीजों की भविष्यवाणी की है, ऐसा लगता है कि इसे बीजेपी कार्यालय में तैयार किया गया है। मैं एग्जिट पोल के नतीजों से बिल्कुल भी सहमत नहीं हूं। या तो यह एक बड़ी साजिश है या पूर्वनिर्धारित है। ऐसा लगता है कि उन्होंने (बीजेपी) किसी एजेंसी को काम पर रखा हो जैसे पेगासस का इस्तेमाल किया गया था।"
कांग्रेस नेता ने बीजेपी के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि ग्राउंड रिपोर्ट के मुताबिक बीजेपी जिन मुद्दों को लेकर चल रही वो एक भी उनके (बीजेपी) पक्ष में नहीं हैं। कांग्रेस नेता ने कहा, "ना तो राम मंदिर मुद्दा, मंगलसूत्र या फिर पाकिस्तान पर बयान...कोई मुद्दा बीजेपी को लाभ नहीं दे रहा, ऐसे में एग्जिट पोल के नतीजे संदेह पैदा करते हैं।"












Click it and Unblock the Notifications