बीएमसी चुनाव में नहीं होगा गठबंधन, भाजपा ने गुंडों को किराए पर रखा है- उद्धव ठाकरे
उद्धव ठाकरे ने किया ऐलान, बीएमसी के चुनाव में भाजपा के साथ नहीं करेंगे गठबंधन, भाजपा ने गुंडों को किराए पर रखा है।
मुंबई। महाराष्ट्र में शिवसेना और भाजपा का गठबंधन अब खतरे में है, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने ऐलान किया कि वह बीएमसी के चुनाव भाजपा के साथ गठबंधन में नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अब आने वाले समय में वह किसी भी तरह का गठबंधन नहीं करेंगे। ठाकरे ने कहा कि अब असली लड़ाई शुरु हो चुकी है।

ठाकरे ने कहा कि वह बीएमसी चुनाव को लेकर अब चिंतित नहीं हैं, उन्हें पूरा भरोसा है कि वह सभी बीएमसी की सीटें जीतेंगे। ठाकरे ने कहा कि पिछले 25 साल गठबंधन की वजह से बेकार हो गए। एक तरफ जहां शिवसेना में सैनिक हैं तो दूसरी तरफ भाजपा में गुंडे हैं। भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए ठाकरे ने कहा कि भाजपा ने गुंडों को किराए पर रखा है क्योंकि उन्हें शिवसेना के सैनिकों से लड़ने की हिम्मत नहीं है। ठाकरे के आरोपों पर भाजपा नेता किरीट सौमैया ने पलटवार करते हुए कहा कि पार्टी के लिहाज से किसी के साथ कोई भी समझौता नहीं होगा, अगर कोई हमारे इस प्रयास से नाखुश है कि हम बीएमसी को भ्रष्टाचार मुक्त करेंगे तो हमारी तरफ से किसी भी तरह का कोई समझौता नहीं किया जाएगा, हम बीएमसी में पारदर्शिता लाएंगे। आपको बता दें कि शिवसेना और भाजपा के बीच पिछले कुछ दिनों से हालात कुछ ठीक नहीं चल रहे थे।
इसे भी पढ़ें- नोटबंदी का बम फेंककर मोदी ने देश को नागासाकी-हिरोशिमा बना दिया: शिवसेना
भाजपा और शिवसेना के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर टकराव काफी बढ़ रहा था, जिसके बाद दोनों ही दलों ने एक दूसरे पर निशाना साधना शुरु कर दिया था। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि शिवसेना से बातचीत करने का अब समय निकल गया है, हालांकि शिवसेना हमें 90-95 सीटें देने को तैयार थी, लेकिन जिन वार्ड्स की वो मांग कर रहे थे उसपर विवाद खत्म नहीं होता और आने वाले समय में वह बढ़ता। आपको बता दें कि मंगलवार को सीट बंटवारे के बारे में उद्धव ठाकरे ने बोलने से इनकार करते हुए कहा था कि इंतजार कीजिए और खेल को देखिए। ठाकरे ने कहा था कि वह इस मुद्दे पर 26 जनवरी को बोलेंगे, ऐसे में जिस तरह से आज उद्धव ठाकरे ने अपना रुख साफ किया है उससे साफ है कि उन्होंने अपना मन पहले ही बना लिया था कि वह भाजपा के साथ गठबंधन नहीं करेंगे। बीएमसी का चुनाव 21 फरवरी को होना है, जबकि चुनाव के नतीजे 23 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications