शिवसेना पर कब्जे को लेकर उद्धव ठाकरे गुट पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, SC ने दिया ये जवाब
शिवसेना पर किसका अधिकार, इसको लेकर सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है उद्धव ठाकरे खेमा। उद्धव ठाकरे के वकील की ओर से सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करके तत्काल सुनवाई की मांग की गई।

चुनाव आयोग ने जिस तरह से शिवसेना पार्टी का नाम और चुनाव चिन्ह धनुष-बाण एकनाथ शिंदे खेमे को दिया है उसके बाद यह मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। चुनाव आयोग के फैसले को चुनौती देते हुए उद्धव ठाकरे की ओर से वकील ने सुप्रीम कोर्ट में इस मामले का उल्लेख किया। वकील की ओर से एकनाथ शिंदे गुट को शिवसेना पार्टी का नाम और चुनाव चिन्ह धनुष-बाण दिए जाने को चुनौती दी गई है और अपील की गई कि इसपर तत्काल सुनवाई की जाए। इस याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अर्जेंट मेंशन करने की एक प्रक्रिया होती है, प्रक्रिया के तहत आईए और प्रक्रिया का पालन कीजिए। कोर्ट ने कहा कि कल यानि 21 फरवरी को याचिका की अर्जेंट सुनवाई के लिए उल्लेख कीजिए।
गौर करने वाली बात है कि जिस तरह से चुनाव आयोग ने एकनाथ शिंदे गुट को पार्टी का नाम और चुनाव चिन्ह दिया है उसके बाद उद्धव ठाकरे लगातार भाजपा पर हमलावर हैं। इस मामले को लेकर उद्धव ठाकरे ने आज दोपहर 12.30 बजे शिवसेना भवन में एक अहम बैठक बुलाई है। माना जा रहा है कि इस बैठक में पार्टी के सभी विधायक और नेता मौजूद रहेंगे। जिस तरह से चुनाव आयोग ने शिंदे गुट के पक्ष में फैसला दिया उशपर संजय राउत ने दावा किया है कि पार्टी के नाम और चुनाव चिन्ह को खरीदने के लिए 2000 करोड़ रुपए का सौदा हुआ है। वहीं महाराष्ट्र सरकार में मंत्री सुधीर मुंगतिवार ने कहा कि संजय राउत सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आय़ोग को बदनाम कर रहे हैं, बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।
बता दें कि एकनाथ शिंदे गुट की ओर से भी सुप्रीम कोर्ट में एक कैविएट दाखिल की गई है। इसमे अपील की गई है कि अगर उद्धव ठाकरे गुट चुनाव आयोग के फैसले को चुनौती देता है तो कोर्ट एकपक्षीय सुनवाई करके फैसला ना सुनाए और शिंदे गुट को भी सुने। वहीं चुनाव आयोग के फैसले के बाद गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि यह सत्य की जीत है। सत्यमेव जयते एक बार फिर से चरितार्थ हुआ है। धोखा देने वालों को बख्शेंगे नहीं। 2019 के विधानसभा चुनाव के बाद उद्धव ठाकरे की अगुवाई में शिवसेना ने भाजपा से अपना दामन तोड़ लिया था। जिसके बाद प्रदेश में कांग्रेस और एनसीपी की मदद से शिवसेना ने सरकार बनाई थी और उद्धव ठाकरे प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे।











Click it and Unblock the Notifications