महाराष्ट्र: महाविकास अघाड़ी के नेता चुने गए उद्धव ठाकरे, सभी पार्टियों ने नाम का किया अनुमोदन
Recommended Video
नई दिल्ली। शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस की संयुक्त बैठक के लिए तीनों पार्टियों के नेता और विधायक मुंबई के होटल ट्राइडेंट पहुंच चुके हैं। शिवसेना चीफ उद्धव ठाकरे और कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण भी वहां मौजूद हैं। शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने तीनों पार्टियों की संयुक्त बैठक में महाविकास अघाड़ी के नेता के रूप में उद्धव ठाकरे के नाम का प्रस्ताव किया। होटल ट्राइडेंट में उद्धव ठाकरे सर्वसम्मति से महाविकास अघाड़ी के नेता चुने गए। अब वह महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री होंगे। एकनाथ शिंदे के प्रस्ताव को सभी विधायकों ने पास किया। उद्धव ठाकरे आज रात 9 बजे राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

थोड़ी देर में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में गठबंधन में शामिल दलों के नेता राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मिलकर सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश करेंगे। उद्धव ठाकरे फिलहाल विधायक नहीं हैं। ऐसे में अगर वह मुख्यमंत्री बनते हैं तो 6 महीने के भीतर ही उन्हें विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य बनना जरूरी होगा। सूत्रों के मुताबिक, उद्धव ठाकरे 1 दिसंबर को शाम पांच बजे शपथ ग्रहण मुंबई के शिवाजी पार्क कर सकते हैं। ऐसी भी खबर है कि शिवसेना इस शपथग्रहण में विपक्ष के कई नेताओं को बुला सकती है।
इसके बाद एनसीपी नेता नवाब मलिक ने संयुक्त बैठक में महाविकास अघाड़ी के नेता के रूप में उद्धव ठाकरे के नाम अनुमोदन किया। वहीं कांग्रेस नेता नितिनराव राउत ने संयुक्त बैठक में महाविकास अघाड़ी के नेता के रूप में उद्धव ठाकरे के नाम अनुमोदन किया। वहीं समाजवादी पार्टी के नेता अबू आजमी समेत अन्य पार्टियों के नेताओं ने उद्धव ठाकरे के नाम का अनुमोदन किया।
नवाब मलिक ने कहा कि, यह महाविकास अघाड़ी सिर्फ 5 सालों के लिए नहीं है बल्कि अगले 20-30 सालों के लिए है। हम शिवाजी महाराज के आदर्शों पर इस महाविकास अघाड़ी को लेकर आगे बढ़ेंगे। एनसीपी नेता जयंत पाटील ने कहा- हम सभी चाहते हैं कि उद्धव बालासाहेब ठाकरे मुख्यमंत्री के रूप में हमारे गठबंधन का नेतृत्व करें। कांग्रेस के बालासाहेब थोराट ने जयंत पाटील द्वारा दिए गए प्रस्ताव का समर्थन किया, जिसमें उद्धव ठाकरे का नाम मुख्यमंत्री के रूप में प्रस्तावित किया गया था।
बैठक में शरद पवार, उद्धव ठाकरे, अशोक चव्हाण समेत शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस के तमाम बड़े नेता और नवनिर्वाचित विधायक शामिल हुए। समाजवादी पार्टी के नेता अबू आजमी भी बैठक में मौजूद रहें। उनके अलावा, स्वाभिमानी पक्ष के नेता राजू शेट्टी भी बैठक में शामिल हुए। उद्धव ठाकरे के नाम पर मुहर लगने के बाद उद्धव ठाकरे ने शरद पवार के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। वहीं उद्धव ठाकरे ने संजय राउत को गले लगाकर अभिनंदन किया।












Click it and Unblock the Notifications