उदयपुर हत्याकांड: NIA ने राजस्थान में 9 जगहों पर मारे छापे, कई आपत्तिजनक चीजें बरामद
नई दिल्ली, 12 जुलाई: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने उदयपुर हत्याकांड की जांच तेज कर दी है। जिसके तहत मंगलवार को राजस्थान में 9 जगहों पर छापेमारी की गई। इसमें उदयपुर के कई संदिग्ध ठिकाने भी शामिल हैं। इस तलाशी अभियान के दौरान कई डिजिटल डिवाइसों को जब्त किया गया, जिसमें मोबाइल फोन, लैपटॉप और सिम कार्ड हैं। इसके अलावा छापेमारी के दौरान कुछ आपत्तिजनक सामग्रियां भी बरामद की गईं।

इस मामले की जांच 29 जून को एनआईए ने अपने हाथों में ली थी। जिसमें अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एजेंसी ने हाल ही में बताया था कि उसने 9 जुलाई को 7वें आरोपी फरहाद मोहम्मद शेख उर्फ बबला को उदयपुर से गिरफ्तार किया था। ये मुख्य हत्यारों में से एक रियाज अटारी का करीबी था और उसने कन्हैया लाल की हत्या में आरोपियों की मदद की। दावा किया जा रहा कि मंगलवार की छापेमारी में भी एनआईए के हाथ काफी अहम सबूत लगे हैं।
सूत्रों के मुताबिक NIA टीम ने उदयपुर शहर के मुखर्जी चौक इलाके में संभावित संदिग्धों के घरों पर तलाशी ली। इस दौरान कई चीजों को जब्त किया गया है। साथ ही तीन-चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की गई। जांच एजेंसी सोशल मीडिया पर और अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क के साथ उनके कनेक्शन की जानकारी के लिए सभी आरोपियों के फोन और अन्य उपकरणों की भी जांच कर रही है।
4 आरोपी न्यायिक हिरासत में
वहीं दूसरी ओर मंगलवार को सातों आरोपियों को एनआईए कोर्ट में पेश किया गया। वहां पर सुनवाई के बाद एनआईए कोर्ट ने 4 आरोपियों को एक अगस्त तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि 3 अभी एनआईए (12 जुलाई तक) की कस्टडी में हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एनआईए ने कड़ी सुरक्षा कर रखी थी। इससे पहले एक पेशी के दौरान आरोपियों पर भीड़ ने हमला किया था।












Click it and Unblock the Notifications