दिल्ली में बीती रात पकड़े गए दो संदिग्ध आतंकी, जिंदा कारतूस और सेमी-ऑटोमेटिक हथियार बरामद
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में बीती रात दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से 10 जिंदा कारतूस और सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल बरामद की गई हैं। ये दोनों की जम्मू कश्मीर के रहने वाले हैं। इस बात की जानकारी समाचार एजेंसी एएनआई ने दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के हवाले से दी है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इन दोनों को सराय काले खां इलाके से पकड़ा गया है। ये गिरफ्तारी सोमवार रात करीब 10 बजे हुई है। बताया जा रहा है कि पुलिस को इनके यहां पहुंचने की जानकारी मिली थी। जिसके बाद इन्हें पकड़ने की योजना बनाई गई।
Recommended Video

दिल्ली पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया है कि जो संदिग्ध आतंकी पकड़े गए हैं, उनमें से एक बारामुला जिले में स्थित डोरू गांव का रहने वाला है। जिसकी पहचान 22 साल के अब्दुल लतीफ के तौर पर हुई है। वहीं एक अन्य संदिग्ध आतंकी कुपवाड़ा जिले के हट मुल्ला गांव का रहने वाला है, जिसकी पहचान 20 साल के अशरफ खटाना के तौर पर हुई है। पुलिस अब इनसे जानकारी जुटाने की कोशिश करेगी कि इनके पास ये हथियार कहां से आए और वह दिल्ली में इन हथियारों के साथ क्या कर रहे थे।
आपको बता दें इस महीने की शुरुआत में दिल्ली एनसीआर समेत देश के अन्य बड़े शहरों में आतंकी हमले को लेकर चेतावनी जारी की गई थी।
खुफिया एजेंसियों ने अंतरराष्ट्रीय आतंकी घटनाओं को ध्यान में रखते हुए ये अलर्ट जारी किया था। जिसके बाद से सभी जगहों की पुलिस सतर्क हो गई है। वहीं इनपुट्स में ये भी जानकारी सामने आई कि आतंकी नई दिल्ली के विदेशी दूतावास वाले इलाके, चर्च या फिर दूसरे धार्मिक स्थल, बड़े होटलों, महत्वपूर्ण इमारतों और विदेशी मूवमेंट वाले इलाकों को निशाना बना सकते हैं। इसके बाद से ही दिल्ली सहित बाकी स्थानों पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications