ट्विटर ने सस्पेंड कर दिए करीब ढाई लाख अकाउंट, जानिए क्यों
नई दिल्ली। ट्विटर ने फरवरी 2016 से लेकर अब तक करीब 2.3 लाख ऐसे अकाउंट सस्पेंड कर दिए हैं, जिनके जरिए आतंकवाद को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही थी। इनमें से अधिकतर अकाउंट आईएसआईएस समर्थकों के थे। इस बात का खुलासा ट्विटर के एक ब्लॉग में किया गया है।

आपको बता दें कि ट्विटर इससे पहले भी बहुत से अकाउंट सस्पेंड कर चुका है। ट्विटर के अनुसार इस बार पिछली बार की तुलना में रोजाना 80 फीसदी अधिक अकाउंट सस्पेंड किए गए हैं।
हाल ही के कुछ सालों में आईएसआईएस जैसे आतंकी समूहों ने ट्विटर को अपना प्रचार प्रसार करने का एक माध्यम बना रखा था। इसके जरिए वह आतंकवाद को बढ़ावा देते थे और नौजवानों को बरगलाते थे, जिस पर सख्त कदम उठाते हुए ट्विटर ने ये अकाउंट सस्पेंड किए हैं।
सर्वे ने किया ये खुलासा
ब्रूकिंग्स इंस्टीट्यूशन के ट्विटर सेंसस के मुताबिक सितंबर 2014 से दिसंबर 2014 के बीच आईएसआईएस के समर्थकों ने करीब 46000 अकाउंट इस्तेमाल किए थे। अमेरिका के एक नॉन प्रॉफिट थिंक टैंक्स रैंड (RAND) के मुताबिक जुलाई 2014 से मई 2015 के बीच आईएस ने ट्विटर के जरिए अपने नेटवर्क को मजबूत किया था।
उन्होंने अपनी रिसर्च में पाया था कि करीब 75 हजार ट्विटर अकाउंट रोजाना आईएसआईएस के संदेशों को औसतन 60 बार ट्वीट करते थे। इस तरह से वह अपने ऑनलाइन आलोचकों से करीब 50 फीसदी अधिक एक्टिव बन गए।
ट्विटर बोला- 'जादुई एल्गोरिद्म नहीं है'
ट्विटर पॉलिसी टीम ने कहा कि इंटरनेट पर आतंकवाद से जुड़े कंटेंट का पता लगाने के लिए कोई जादुई एल्गोरिद्म नहीं है। लेकिन वह इस तरह के अकाउंट्स की पहचान करने के लिए कुछ तरीके अपना रहे हैं, जो एक हद तक कारगर भी साबित हो रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications