'मुझे नहीं लगता ये खबर सच है', ट्विटर ब्लू टिक की फीस पर बोले केंद्रीय IT राज्यमंत्री
Twitter Blue Tick Fee: एलन मस्क (Elon Musk) ट्विटर की कमान हाथ में लेने के बाद उसमें बड़े बदलाव कर रहे हैं। इस बीच ये खबर भी आ रही कि ट्विटर ब्लू टिक यानी वेरिफाइड प्रोफाइल वालों से हर महीने 20 डॉलर की फीस लेगा, जो भारत के हिसाब से 1600 से रुपये से ज्यादा है। इस रिपोर्ट के आने के बाद ट्विटर यूजर्स की टेंशन बढ़ गई है। हालांकि केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने इस बात का खंडन किया है।

न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए राजीव चंद्रशेखर (Rajeev Chandrasekhar) ने कहा कि मुझे नहीं लगता ये सच है। ये ट्विटर के लिए एक चुनौती है, उन्हें ये देखने की जरूरत है कि इस गलत चीज को उनके प्लेटफॉर्म से कैसे प्रसारित किया जा रहा है।
क्या है ट्विटर का प्लान?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्विटर ब्लू सब्सक्रिप्शन (Twitter Blue subscription) लेकर आ रहा है, जिसके लिए यूजर्स से 19.99 डॉलर लिया जाएगा। इस शुल्क का भुगतान करने पर ही ट्विटर पर ब्लू टिक मिलेगा। इसके अलावा एडिट और अनडू ट्वीट्स जैसी अतिरिक्त सुविधाएं भी शामिल हैं। अगर किसी यूजर के पास पहले से ब्लू टिक है, तो उसे 90 दिनों के अंदर फीस जमा करनी होगी, वर्ना उसके अकाउंट से ब्लू टिक हट जाएगा। हालांकि ट्विटर पर इस फैसले का यूजर्स काफी ज्यादा विरोध कर रहे हैं।
कर्मचारियों को निकाल देंगे?
रिपोर्ट्स में ये भी दावा किया गया कि मस्क ने कंपनी के अधिकारियों को इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए 7 नवंबर तक का वक्त दिया है। अगर कर्मचारियों ने ये काम पूरा नहीं किया तो सजा के तौर पर उनको नौकरी से निकाल दिया जाएगा। मस्क की एंट्री के बाद से ही ट्विटर में कई बड़े अधिकारियों की विदाई हो चुकी है, जिसमें सीआईओ पराग अग्रवाल का नाम भी शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications