Video: राहुल गांधी के 'आलू डालोगे सोना निकलेगा' वाले बयान का पूरा सच
बुधवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। राहुल गांधी वीडियो में कहते हैं, 'ऐसी मशीन लगाऊंगा, कि एक साइड से आलू डालेंगे और दूसरे साइड से सोना निकलेगा।
नई दिल्ली। बुधवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो में राहुल गांधी आलू के मशीन में बारे में बात करते हुए सुनाई दे रहे हैं। राहुल गांधी वीडियो में कहते हैं, 'ऐसी मशीन लगाऊंगा, कि एक साइड से आलू डालेंगे और दूसरे साइड से सोना निकलेगा। इस साइड से आलू डालो उस साइड से सोना निकालो। इतना पैसा बनेगा कि आप समझ नहीं पाओगे कि क्या करें।' वीडियो सामने आने के बाद से राहुल गांधी को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा है। आइए जानते हैं क्या है इस वायरल वीडियो का पूरा सच -

इस वीडियो को सबसे पहले भाजपा के आईटी सेल के प्रमुख, अमित मालवीय ने अपने ट्विटर हैंडल से शेयर किया। अमित मालवीय ने लिखा, 'लोग मुझे ऐसे वीडियो भेज कर पूछ आश्चर्य से पूछ रहे हैं कि क्या ये सचमुच उन्होंने कहा है .... हां बिल्कुल उन्होंने कहा है।' अमित मालवीय द्वारा इस वीडियो को शेर करने के तुरंत बाद ही यह वायरल हो गया और लोग इस वीडियो के जरिए राहुल गांधी पर निशाना साधने लगे।
इस वीडियो के वायरल होने के बाद ट्विटर पर बसवराज हिरूर ने इसकी सच्चाई लोगों के सामने रखी। हिरूर ने बताया कि राहुल के बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है। दरअसल राहुल गांधी तो इसके जरिए पीएम मोदी पर हमला बोल रहे थे। हिरूर ने अमित मालवीय को जवाब देते हुए कहा, 'मेरे पास इसका पूरा वीडियो है। लोगों को गलत जानकारी ना दें। राहुल यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए जुमलों पर बात कर रहे थे।'
बसवराज हिरूर ने इसके साथ राहुल गांधी के भाषण का पूरा वीडियो शेयर करते हैं। इस वीडियो में राहुल गांधी कहते हैं, 'कुछ महीने पहले यहां बाढ़ आई, उन्होंने कहा कि वे 500 करोड़ रुपए देंगे, एक रुपया तक नहीं दिया। आलू के किसानों को कहा कि ऐसी मशीन लगाऊंगा जिसमें एक साइड से आलू घुसेगा दूसरे साइड से सोना निकलेगा। बहुत पैसा बनेगा, आपको पता नहीं होगा कि क्या करना है पैसों का ... मेरे शब्द नहीं हैं ये, नरेंद्र मोदी जी के शब्द हैं। 15 लाख रुपए हर बैंक अकाउंट में देने की बात कही थी और अब बैंक अकाउंट खोलने के लिए तीन हजार रुपए देने पड़ रहे हैं।'
राहुल गांधी के इस वीडियो के सामने आने के बाद अब यह साफ हो गया है कि उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications