Tripura floods: त्रिपुरा में बारिश-बाढ़ के कारण 22 लोगों की गई जान, 65 हजार लोगों ने शिविरों में ली शरण
Tripura floods: पिछले कुछ दिनों से बारिश-बाढ़ और लैंडस्लाइड के कारण त्रिपुरा के हालात अच्छे नहीं है। त्रिपुरा में आई बाढ़ के कारण करीब 22 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, दो लोग अभी तक लापता है। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने घोषणा की कि केंद्र ने बाढ़ प्रभावित राज्य के लिए 40 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
मुख्यमंत्री माणिक साहा ने फेसबुक पर बताया कि शांतिरबाजार के अश्वनी त्रिपुरा पारा और देबीपुर में भूस्खलन के बाद दस लोग मलबे में दब गए। उन्होंने मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की। सीएम ने नागरिकों से भी अनुरोध किया कि वे राहत और बचाव कार्यों में सरकार और एनडीआरएफ कर्मियों की सहायता करें।

सीएम साह ने कहा कि अभी स्थिति चिंताजनक है। मैं सभी से आग्रह करना चाहता हूं कि वे सरकार और एनडीआरएफ टीमों का समर्थन और सहयोग करें। मैं व्यक्तिगत रूप से सभी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहा हूं। बता दें कि त्रिपुरा में बाढ़ से करीब 17 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, भारी बारिश के कारण अपने घरों को हुए नुकसान के कारण करीब 65,400 लोगों ने 450 राहत शिविरों में शरण ली हुई है। वहीं, असम राइफल्स ने त्रिपुरा में राहत अभियान के दौरान लगभग 334 नागरिकों को बचाया। उन्होंने कोड नाम ऑप जल राहत के तहत व्यापक मानवीय सहायता और आपदा राहत (HADR) अभियान चलाया।
मुख्यालय 21 सेक्टर असम राइफल्स और आईजीएआर (पूर्व) के अंतर्गत कार्यरत 18 असम राइफल्स की दो टुकड़ियां अमरपुर, भामपुर, बिशालगढ़ और रामनगर में तैनात की गई हैं। सेना ने लगभग 85 लोगों को आवश्यक राशन और आपूर्ति भी प्रदान की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि NDRF की 11 टीमें, सेना की तीन टुकड़ियां और वायुसेना के चार हेलीकॉप्टर त्रिपुरा में बचाव और राहत कार्यों में मदद कर रहे हैं।
केंद्र की वित्तीय सहायता का उद्देश्य इन प्रयासों को और मजबूत करना है। 2,032 स्थानों पर भूस्खलन की सूचना मिली है, जिनमें से 1,789 स्थानों पर बहाली का काम पूरा हो चुका है। अन्य प्रभावित स्थानों पर मलबा हटाने और सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयास जारी हैं। इस बीच, IMD ने गुरुवार और शुक्रवार को त्रिपुरा के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।












Click it and Unblock the Notifications