कोविड काल से पहले की तरह चलेंगी ट्रेनें, पुराना वाला किराया भी होगा लागू
नई दिल्ली, 13 नवंबर: पिछले साल जब कोरोना महामारी ने दस्तक दी, तो मार्च में लॉकडाउन के साथ ट्रेन सेवाओं को भी बंद कर दिया गया। बाद में ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू हुआ, लेकिन अभी भी बहुत सी ट्रेनें बंद हैं। साथ ही उनके किराए में अंतर है। अब इस संबंध में रेलवे ने एक बड़ा फैसला लिया, जिसके तहत समय सारिणी वाली ट्रेनों की संख्या और किराए को पहले की तरह करने का फैसला लिया गया है। अभी ट्रेनें मेल/एक्सप्रेस स्पेशल और हॉलिडे स्पेशल के रूप में चल रही हैं।

रेलवे की ओर से जारी सर्कुलर के मुताबिक अब फिर से प्री कोविड रेट लागू हो गए हैं। इसका मतलब है कि अब तक रेलवे स्पेशल ट्रेन के नाम पर जो किराया वसूल रहा था, वो नहीं लेगा। अब कोविड से पहले की दर पर ट्रेनों का संचालन होगा। इसके अलावा जनरल टिकट वाला सिस्टम भी खत्म हो जाएगा। जिससे पहले की तरह लोग वेटिंग लेकर यात्रा कर सकते हैं।
रेलवे ने साफ किया कि जिन यात्रियों ने पहले ही टिकट बुक करवा लिए थे उनको ना तो बढ़ा हुआ किराया देना पड़ेगा और ना ही पैसे वापस किए जाएंगे। अगर वो चाहें तो टिकट कैंसिल करवा सकते हैं। सबसे बड़ा बदलाव ट्रेन के नंबर में होगा। कोविड के दौरान चलने वाली ट्रेनों में आगे 0 (शून्य) जोड़ा गया था, जिसे हटाकर पहले वाले नंबर असाइन कर दिए जाएंगे। रेलवे का दावा है कि जल्द ही 1700 से ज्यादा ट्रेनें सामान्य रूप से चलने लगेंगी।
कोरोना प्रोटोकॉल में ढील नहीं
रेलवे के मुताबिक कोरोना के केस अब काफी हद तक कम हो गए हैं। साथ ही युद्धस्तर पर वैक्सीनेशन भी जारी है, ऐसे में उन्होंने सभी ट्रेनों का संचालन सामान्य करने का फैसला लिया है, लेकिन कोरोना प्रोटोकॉल पहले जैसा रहेगा। अगर कोई उसका उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications