भारत में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 110 हुई, कई राज्यों में माल्स-सिनेमा बंद
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के मामलों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। रविवार को महाराष्ट्र, कर्नाटक और उत्तराखंड में नए मामले सामने आए। महाराष्ट्र में अब तक 32 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। अब तक देश में कोरोना वायरस के संक्रमण के 110 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। कुल संख्या में कोरोना वायरस से संक्रमित हुए वे दो मरीज भी शामिल हैं, जिनकी दिल्ली और कर्नाटक में मौत हो चुकी है।

दिल्ली एनसीआर (गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद), नेपाल सीमा से लगे सात जिले, आगरा और लखनऊ समेत कुल 11 जिलों के मल्टीप्लेक्स सिनेमाघर और क्लब बंद कर दिया गया है। गाजियाबाद में मॉल्स को भी बंद करने का आदेश दिया गया है। लखनऊ में मल्टीप्लेक्स, डिस्को क्लब, स्विमिंग पूल और जिम को भी 31 मार्च तक बंद करने के आदेश दिए हैं। मध्य प्रदेश सरकार ने इसे महामारी घोषित करते हुए स्कूल, कॉलेजों, सिनेमा हॉल से लकर जिम तक बंद कर दिए हैं। इसी तरह हरियाणा ने भी स्कूल, कॉलेजों को बंद करने का आदेश दिया है।
महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 32 मामले सामने आए हैं। दिल्ली में अब तक 7 मामले, केरल में 22 और उत्तर प्रदेश में 11 मामले सामने आए हैं। कर्नाटक में छह, लद्दाख में तीन और जम्मू-कश्मीर में दो लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। तेलंगाना में 3 मामले सामने आए हैं। राजस्थान में 2 मामले सामने आए हैं। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पंजाब से एक-एक मामला सामने आया है। उत्तराखंड में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण का पहला मामला सामने आया। वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) के एक ट्रेनी की जांच रिपोर्ट में उसके संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
मध्य प्रदेश सरकार ने स्कूलों और कॉलेजों में 31 मार्च तक छुट्टी कर दी गई है, हालांकि बोर्ड परीक्षाएं जारी रहेंगी। 5वीं और 8वीं की सालाना परीक्षाएं भी पहले से तय कार्यक्रम के तहत जारी रहेंगी। बयान के अनुसार, मध्यप्रदेश सरकार कोरोना वायरस का प्रसार रोकने के लिए सभी संभव प्रयास कर रही है। सभी स्कूल, कॉलेज, सिनेमा हॉल, मैरिज हॉल, पब्लिक लाइब्रेरी, वॉटर पार्क, जिम, स्वीमिंग-पूल, आंगनवाड़ी आदि को आगामी आदेश तक बंद करने का निर्णय लिया गया है।
हरियाणा सरकार ने कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने से रोकने के कदम के तहत रविवार को राज्य में सभी स्कूल, सिनेमा हॉल और क्लब बंद कर दिए। वहीं दूसरी ओर कर्नाटक में रविवार को एक और व्यक्ति की जांच में कोरोना वायरस से संक्रमण की पुष्टि हुई जिसके बाद राज्य में संक्रमित व्यक्तियों की कुल संख्या 7 हो गई हैं। इससे पहले, शनिवार को सरकार ने नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और म्यांमार की सीमाओं से लगे ज्यादातर जमीनी मार्गों को भी 15 मार्च की मध्य रात्रि से बंद कर दिया है। वहीं पाकिस्तान स्थित करतारपुर साहिब गुरुद्वारा की धार्मिक यात्रा और उसके लिए पंजीकरण रविवार को आधी रात से निलंबित कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications