नोटबंदी के बाद 393 करोड़ रुपये का कालाधन बरामद, 80 करोड़ रुपये के नए नोट जब्त
राजस्व सचिव ने कहा कि अगर कोई अलग-अलग खातों में पैसा जमा करके टैक्स चोरी की तरकीब निकाल रहा है तो इस पर भी नजर रखी जा रही है।
नई दिल्ली। नोटबंदी के बाद अब सरकार कालाधन रखने वालों एक मौका और दे रही है। राजस्व सचिव हसमुख अधिया ने कहा कि जिन लोगों के पास काला धन है वो 50 फीसदी देकर पैसा सफेद कर सकते हैं। यह योजना शनिवार से लागू हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि 31 मार्च तक काला धन को सफेद कराने का वक्त दिया जा रहा है। इस सब पर सरकार की पूरी नजर है और सरकार संबंधित एजेंसियों के जरिए कालाधन रखने वालों पर लगाम कस रही है।

काले धन के सोर्स पर रखी जा रही नजर
राजस्व सचिव ने कहा कि अगर कोई अलग-अलग खातों में पैसा जमा करके टैक्स चोरी की तरकीब निकाल रहा है तो इस पर भी नजर रखी जा रही है। ऐसे मामलों में छानबीन जारी है और सभी खातों का ऑडिट किया जा रहा है। जिस रकम पर टैक्स नहीं दिया गया उस पर कार्रवाई होगी।

उन्होंने बताया कि कालाधन रखने वालों और इसे लेकर किसी तरह की जानकारी या सूचना के लिए [email protected] ईमेल का इस्तेमाल किया जा सकता है। इस पर तत्काल जवाब मिलेंगे।

ये है जब्त किए गए कालेधन की जानकारी
CBDT के चेयरमैन सुरेश चंद्रा ने बताया कि 9 नवंबर से जारी छापेमारी और गिरफ्तारियों में करीब 393 करोड़ रुपये का माल जब्त किया गया है। इसमें 316 करोड़ रुपये कैश और 76 करोड़ रुपये कीमत का सोना जब्त किया गया है। इसमें करीब 80 करोड़ रुपये नई करंसी है।

सरकार ने कहा कि कालाधन रखने वाले बचेंगे नहीं। सरकार लगातार अपनी नजर बनाए हुए है कि कालाधन कैसे-कैसे छुपाया जा रहा है।

अघोषित आय ऐसे करें घोषित
पीएम गरीब कल्याण योजना स्कीम के तहत कोई भी व्यक्ति अपनी अघोषित आय जमा कर सकता है। अघोषित आय घोषित करने पर 30 प्रतिशत का टैक्स, टैक्स पर 33 प्रतिशत सरचार्ज और 10 प्रतिशत का जुर्माना लगेगा।
इसके अलावा अघोषित आय का 25 फीसदी प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना स्कीम, 2016 में जमा करना होगा। यह जमा ब्याज मुक्त होंगे और इनका लॉक-इन पीरियड चार साल का होगा, यानी चार साल से पहले इन पैसों को निकाला नहीं जा सकेगा।












Click it and Unblock the Notifications