टोक्यो ओलंपिकः गुरजीत, वंदना जैसे महिला हॉकी सितारे जिन्होंने भारत को सेमी फ़ाइनल तक पहुंचाया

महिला हॉकी
EPA/RITCHIE B. TONGO
महिला हॉकी

भारतीय महिला हॉकी टीम ने ओलंपिक सेमीफ़ाइनल में जगह बनाकर इतिहास रच दिया है.

हॉकी यूँ तो टीम गेम है और किसी भी जीत में पूरी टीम का योगदान रहता है, लेकिन आइए नज़र डालते हैं उन चंद खिलाड़ियों पर जिनकी इस ओलंपिक सफ़र में अहम भूमिका रही है.

वंदना कटारिया
REUTERS/Bernadett Szabo
वंदना कटारिया

वंदना कटारिया

भारतीय महिला हॉकी के इतिहास में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ- ओलंपिक में हैट्रिक. वंदना कटारिया ने दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ अहम ओलंपिक मैच में एक नहीं तीन-तीन गोल कर सबको रोमांचित कर दिया था. अगर ये मैच भारत हार जाता तो सेमीफ़ाइनल में जगह नहीं बना पाता. वंदना पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं जिन्होंने ओलंपिक में हैट्रिक बनाया.

29 साल की वंदना भारतीय हॉकी टीम की सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं. ओलंपिक में जाने से पहले तक वो 240 मैच खेल कर 64 गोल कर चुकी थीं.

हरिद्वार के पास रोशनाबाद गाँव से आने वाली वंदना ने जब हॉकी खेलनी शुरू की थी तो आसपास वालों को घोर आपत्ति थी. इन आपत्तियों के बीच दो ही लोग चट्टान की तरह अड़े रहे थे- ख़ुद वंदना और उनके पिता नाहर सिंह. वंदना छिप-छिप कर प्रैक्टिस करती थीं.

सब लोगों के ख़िलाफ़ जाकर पिता ने बेटी का साथ दिया और वंदना भारतीय टीम तक पहुँचीं.

इस साल जब कोरोना की दूसरी लहर चरम पर थी, तब वंदना की ओलंपिक की तैयारी भी ज़ोरों पर थी. उन्हीं दिनों उनके पिता का निधन हो गया. वंदना उनके अंतिम संस्कार में भी नहीं जा पाई थीं क्योंकि ओलंपिक की तैयारी चल रही थी और वो बायो बबल में थीं. तब वंदना ने कहा था कि उन्हें भारत और अपने पिता दोनों के लिए कुछ करना है.

ख़ुद को रॉजर फ़ेडरर फ़ैन बताने वाली वंदना ने ओलंपिक में ही नहीं दूसरी कई प्रतियोगिताओं में भी भारत को जीत दिलाई है. साल 2013 के जूनियर महिला वर्ल्ड कप में भी वो टॉप स्कोरर थीं.

विनेश फोगाट: ओलंपिक के 'दंगल' में पहलवानी करके मेडल जीत पाएंगी?

ओलंपिक में महिला जूडो खिलाड़ी को कोच का ये 'सहमति वाला थप्पड़'

गुरजीत कौर
ANI
गुरजीत कौर

गुरजीत कौर

महिला हॉकी टीम का ओलंपिक सेमीफ़ाइनल तक पहुँचना बहुत से लोगों के लिए किसी सपने की तरह है. क्वॉर्टर फ़ाइनल में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ मुश्किल मैच में जिस खिलाड़ी के गोल ने भारत को जीत दिलाई वो थी पंजाब की गुरजीत कौर. ये गुरजीत का पहला ओलंपिक है.

गुरजीत कौर को भारत ही नहीं, दुनिया के सबसे बेहतर ड्रैग फ़्लिकर में गिना जाता है.

पंजाब में पाकिस्तान सीमा से सटे छोटे से गाँव से आने वाली गुरजीत के गाँव में लड़कियों के लिए खेल का माहौल नहीं था. उनके पिता की इच्छा था कि बेटियाँ पढ़-लिख जाएँ. वो गाँव से रोज़ पास के कस्बे में बेटी को छोड़ने जाते थे. चूँकि इतने पैसे नहीं थे कि वो शहर तक दो-दो चक्कर लगाएँ तो उनके पिता सुबह से शाम तक स्कूल के बाहर ही खड़े रहते थे. लेकिन बाद मे हॉस्टल में रहते हुए गुरजीत ने लड़कियों को हॉकी खेलते देखा और लगा कि इसमें कुछ कर सकते हैं. ड्रैग फ़्लिक क्या होती है तब गुरजीत ने इसका नाम भी नहीं सुना था.

लेकिन मैच दर मैच गुरजीत अपने खेल को निखारती गईं. ओलंपिक शुरू होने से पहले वो 87 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी थीं और 60 गोल कर चुकी थीं.

हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह को वो अपना आइडल मानती हैं. गुरजीत पर दोहरी ज़िम्मेदारी रहती है. वो डिफ़ेंडर भी हैं और ड्रैग फ़्लिकर भी. ओलिंपक में जाने से पहले गुरजीत से बातचीत में मैंने पूछा था कि इस ओलंपिक के उनके लिए क्या मायने हैं तो उन्होंने कहा था कि अगर भारतीय महिला टीम पदक जीतती है तो ये न सिर्फ़ ऐतिहासिक होगा बल्कि लड़कियों को एक संदेश जाएगा कि वो कुछ भी कर सकती हैं.

लवलीना बोरगोहाईं: मोहम्मद अली से ओलंपिक मेडल तक का सफ़र

ओलंपिक: दीपिका कुमारी और अतनु दास- प्यार की पुकार के साथ अचूक निशाना

सविता पुनिया
REUTERS/Bernadett Szabo
सविता पुनिया

सविता 'द वॉल'

भारत को सेमीफ़ाइनल तक लाने का श्रेय जिन खिलाड़ियों को दिया जा रहा है उसमें गोलकीपर सविता का नाम ज़रूर लिया जाएगा. अगर सवीता ने गोल न रोके होते तो ये कहानी कुछ और ही होती.

ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ बहुत ही अहम मैच में सविता ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया. जब गुरजीत कौर ने पहला गोल किया तो ऑस्ट्रेलियाई ख़ेमे ने भी दबाव बढ़ा दिया, लेकिन गोलकीपर सविता ने ऑस्ट्रेलिया की कोई कोशिश कामयाब नहीं होने दी. वो एक के बाद एक सेव करती चली गईं, ख़ासकर पेनल्टी कॉर्नर के दौरान.

एक मंझी हुई गोलकीपर की तरह सविता ने हर एंगल को कवर करते हुए गोल होने से रोका.

https://twitter.com/TheHockeyIndia/status/1422055775862616064

भारत के लिए 200 से भी ज़्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी सविता को अब लोग 'द वॉल' कहने लगे हैं जिन्हें भेदना ऑस्ट्रेलिया के लिए मुश्किल हो गया था.

हरियाणा से आने वाली सविता ने 18 साल की उम्र में भारत के लिए खेलना शुरू किया था और 31 साल की उम्र में उनका सफ़र जारी है.

शुरुआत में तो सविता का हॉकी में रुझान भी नहीं था. ख़ासकर जब उनकी माँ बीमार रहतीं तब सविता घर का भी काम करती थीं. लेकिन सविता के दादा ने उन्हें प्रेरित और प्रोत्साहित किया. घर से कई किलोमीटर दूर, बसों में धक्के खाते हुए भारी हॉकी किट लेकर सविता को जाना पड़ता था.

लेकिन एक बार सविता ने दिलचस्पी लेनी शुरू की तो कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा. साल 2019 के एशियन गेम्स के सिल्वर मेडल को वो अपना सबसे यादगार लम्हा मानती हैं, लेकिन अब शायद ये जगह ओलंपिक को मिल जाएगी.

ओलंपिक में गाँजा अब भी क्यों प्रतिबंधित है

कामयाबी की बुलंदी या उम्मीदों का बोझ, 'डिप्रेशन' में क्यों चले जाते हैं खिलाड़ी?

नेहा गोयल
ANI
नेहा गोयल

नेहा गोयल

दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ ओलंपिक मैच में जब भारत 4-3 से जीता तो मैच में वंदना कटारिया की हैट्रिक के बाद अहम गोल नेहा गोयल का था. हरियाणा से आने वाली नेहा अपना पहला ओलंपिक ही खेल रही हैं.

हॉकी के मैदान और ज़िंदगी दोनों में नेहा ने बहुत संघर्ष किया है. बहुत ग़रीब परिवार से आने वाली नेहा का बचपन मुश्किलों भरा था, पिता को शराब की लत थी. माँ फ़ैक्टरियों में काम करके गुज़र करती थीं और पिता की मौत के बाद तो नेहा और उनकी बहनें भी माँ के साथ काम करती थीं ताकि गुज़ारा चल सके. उन्होंने हॉकी बचपन में तब खेलना शुरू किया जब किसी ने कहा कि वहाँ पहनने के लिए जूते और कपड़े मिलेंगे.

नेहा के टैलेंट को देखकर कोच प्रीतम सीवच ने उन्हें कोचिंग दी और साल 2011 में नेहा जूनियर टीम का हिस्सा बनीं और साल 2014 में सीनियर टीम का. नेहा कई बार टीम से अंदर-बाहर हुईं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और अपने पहले ही ओलंपिक में गोल कर चुकी हैं.

टोक्यो ओलंपिक पदक तालिका: किस देश को अब तक कितने मेडल

रूसी खिलाड़ी ओलंपिक में मेडल जीत रहे पर अपने मुल्क के नाम से नहीं

नवनीत
EPA/RITCHIE B. TONGO
नवनीत

नवनीत

कुछ दिन पहले तक एक समय था जब भारतीय महिला टीम अपने सारे ओलंपिक मैच हार रही थी. ऐसे वक़्त में आयरलैंड के ख़िलाफ़ मैच में गोल कर नवनीत ने भारत को उसकी पहली जीत दिलाई थी. ये गोल हमेशा भारत के लिए ख़ास रहेगा.

https://twitter.com/RailMinIndia/status/1420989613548609540

25 साल की नवनीत हरियाणा से आती हैं. घर के पास ही शाहबाद हॉकी अकैडमी थी. वहीं से हॉकी में दिलचस्पी जागी और साल 2005 में हॉकी खेलना शुरू कर दिया.

https://www.instagram.com/navneetkaur_25/?hl=en

जूनियर वर्ल्ड में साल 2013 में हिस्सा लेने वाली नवनीत अब ओलंपिक तक पहुँच गई हैं. ओलंपिक से पहले वो 24 अंतरराष्ट्रीय गोल कर चुकी थीं, लेकिन आयरलैंड के ख़िलाफ़ उनके गोल को लंबे समय तक याद रखा जाएगा.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+