टोक्यो ओलंपिक को लेकर पीएम मोदी ने की समीक्षा बैठक, अगले महीने खिलाड़ियों से करेंगे बात
नई दिल्ली, 23 जून: टोक्यो ओलंपिक के लिए उल्टी गिनती शुरू हो गई है। ऐसे में कोरोना महामारी के बीच भारतीय खिलाड़ी जी-जान से तैयारियों में जुटे हैं। गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भारत की ओलंपिक तैयारियों की समीक्षा की। अगले महीने यानी जुलाई में पीएम ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे। साथ ही उनका उत्साहवर्धन कर उन्हें शुभकामनाएं देंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक पीएम ओलंपिक की तैयारियों के बारे में जानने को इच्छुक थे, ऐसे में गुरुवार को हुई बैठक में उन्हें एथलीटों के टीकाकरण, उनके प्रशिक्षण आदि के बारे में अवगत करवाया गया। इस पर पीएम ने फैसला लिया कि वो जुलाई में ओलंपिक दल के साथ बात करेंगे और उन्हें अग्रिम शुभकामनाएं देंगे। पीएम ने उम्मीद जताई कि इस बार भारतीय खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
वहीं बैठक में प्रधानमंत्री को बताया गया कि 11 खेल विधाओं में कुल 100 एथलीटों ने टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया है। अभी करीब 25 और एथलीटों के क्वालीफाई करने की संभावना है। इसके अलावा 26 पैरा एथलीटों ने क्वालीफाई किया, जबकि 16 अन्य के क्वालीफाई होने की संभावना बरकरार है।
पिछले साल टल गया था
आपको बता दें कि पिछले साल ही टोक्यो में ओलंपिक गेम्स होने वाले थे, लेकिन कोरोना महामारी की वजह से उन्हें टाल दिया गया। ऐस में अब अगले महीने 23 जुलाई से इसकी शुरूआत होगी, जो 8 अगस्त तक चलेंगे। इस बार ये खेल जापान के टोक्यो शहर में हो रहे, इसी वजह से इसको टोक्यो ओलंपिक कहा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications