Today in Politics: PM मोदी आज तमिलनाडु के कई मंदिरों का करेंगे दौरा, CM हेमंत सोरेन से पूछताछ कर सकती है ED
Today in Politics 20 Jan 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शनिवार 20 जनवरी को तमिलनाडु के कई मंदिरों का दौरा करेंगे। पीएम मोदी 21 जनवरी को भी तमिलनाडु में कई महत्वपूर्ण मंदिरों में दर्शन करने जाएंगे।
पीएम नरेंद्र मोदी 20 जनवरी को सुबह करीब 11 बजे तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में श्री रंगनाथस्वामी मंदिर में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। पीएम मोदी इस मंदिर में अलग-अलग विद्वानों से कम्ब रामायणम के छंदों का पाठ भी सुनेंगे।

इसके बाद पीएम मोदी दोपहर करीब 2 बजे रामेश्वरम पहुंचेंगे और श्री अरुलमिगु रामनाथस्वामी मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। बीते कुछ दिनों में पीएम मोदी कई मंदिरों में गए हैं और वहां अलग-अलग भाषाओं 'श्री रामायण पारायण' कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। श्री अरुलमिगु रामनाथस्वामी मंदिर में पीएम मोदी 'श्री रामायण पारायण' कार्यक्रम में भाग लेंगे।'
इस अनुष्ठान में आठ अलग-अलग पारंपरिक मंडलियां संस्कृत, अवधी, कश्मीरी, गुरुमुखी, असमिया, बांग्ला, मैथिली और गुजराती में रामकथा का पाठ करेंगी। श्री अरुलमिगु रामनाथस्वामी मंदिर में पीएम मोदी भजन संध्या में भी शामिल होंगे।
भूमि घोटाला मामला: CM हेमंत सोरेन से पूछताछ कर सकती है ED
कथित भूमि घोटाला मामले में आज झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से ED पूछताछ कर सकती है। ईडी की टीम आज सीएम हेमंत सोरेन से सीएम आवास में पूछताछ कर सकती है।
छत्तीसगढ़ दौरे पर जाएंगे उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ 20 जनवरी को रायपुर, छत्तीसगढ़ का दौरा करेंगे। अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान धनखड़ छठी छत्तीसगढ़ विधानसभा के सदस्यों को संबोधित करेंगे।
यात्रा के दौरान, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के 38वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि भी होंगे।












Click it and Unblock the Notifications