Mahua Moitra के 'नस्लीय कमेंट' पर मचा बवाल! ट्रोल्स के निशाने पर आते ही माफी मांगी, कहा- 'सॉरी मुझसे गलती हुई'
Mahua Moitra Tweet Controversy: लोकसभा सदस्य और तृणमूल कांग्रेस (TMC) की नेता महुआ मोइत्रा हाल ही में सोशल मीडिया विवाद में घिर गईं। उन्होंने X पर एक पोस्ट पर कमेंट किया जिसके बाद से ही वो ट्रोर्लस के निशाने पर आ गई।
दरअसल, महुआ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जिसमें पश्चिमी देशों में रहने वाले भारतीयों के दिवाली उत्सव को लेकर नस्लवादी और आपत्तिजनक बात कही गई थीं इस पर कमेंट कर दिया था। इस कारण उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली और राजनीतिक विरोधियों ने भी इस मुद्दे को भुनाने की कोशिश की।

महुआ मोइत्रा ने अब साफ किया है कि यह टिप्पणी गलती से हुई थी। उनका कहना है कि उन्होंने अपनी टिप्पणियाँ गलत पोस्ट पर कर दी थीं, जबकि असल में वह टिप्पणी किसी अन्य वीडियो या पोस्ट के लिए थी। क्या है पूरा मामला विस्तार से जानिए..........
कैसे हुआ विवाद की शुरुआत?
महुआ मोइत्रा ने उस पोस्ट पर "Agreed" लिखा था, जिसमें भारतीयों की दिवाली समारोहों पर नस्लवादी हमला किया गया था। पोस्ट में लिखा गया था, बस ऐसे ही, हमने ब्रेनडेड भारतीयों को हमारे सुंदर पश्चिमी देशों को पूरी तरह खराब कर देने दिया, उनके दिवाली के बेकार उत्सवों के साथ, जिनका हमसे कोई लेना-देना नहीं है।
पोस्ट में Nate नाम के X यूज़र ने एक वीडियो भी साझा किया था, जिसमें भारतीय तेज़ रफ्तार कारों से सड़क पर चिल्लाते हुए नजर आए और सड़क पर पटाखों के अवशेष बिखरे हुए थे, जबकि पुलिस और दर्शक भी मौजूद थे। इसी पोस्ट पर महुआ मोइत्रा की "Agreed" टिप्पणी का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और उन्हें ट्रोल किया गया।
महुआ मोइत्रा ने क्या कहा?
महुआ मोइत्रा ने X पर लिखा, सिर्फ स्पष्ट करना चाहती हूँ कि मेरा ट्विटर फ़ीड बहुत सारे वीडियो दिखा रहा था और मैं 'I agree' कहना चाहती थी उस वीडियो के लिए जो नस्लवादी पोस्ट के ठीक नीचे था। यह मेरी गलती थी। यात्रा कर रही थी और अभी तक चेक नहीं किया। धन्यवाद @RShivshankar मुझे बताने के लिए, लेकिन यह वास्तविक गलती थी। सॉरी ट्रोल्स। उन्होंने पत्रकार राहुल शिवशंकर का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने उनकी गलती का स्क्रीनशॉट साझा किया और इसे रिपोस्ट किया।
बंगाल भाजपा ने किया हमला
इस विवाद के बाद बंगाल भाजपा (BJP) ने महुआ मोइत्रा और TMC पर तीखा हमला किया। भाजपा ने महुआ मोइत्रा के हिंदू धर्म और देवी काली पर कथित बयान, साथ ही TMC की कश्मीर और राज्य में कानून व्यवस्था पर टिप्पणियों को लेकर निशाना साधा।
भाजपा ने X पर लिखा, एक विदेशी घृणा फैलाने वाले ने, जो हिंदू त्योहार दिवाली के उत्सव की आलोचना कर रहे थे, भारतीयों को 'ब्रेन डेड' और 'शिटहोल' कहा। तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने इस बयान पर पूरी सहमति जताई। वही महुआ मोइत्रा जो मानती हैं कि बांग्लादेश भारत से बेहतर है और नेशनल सिक्योरिटी के लिए लग्जरी हैंडबैग को प्राथमिकता देती हैं।
भाजपा ने आगे कहा, TMC के शासन में पश्चिम बंगाल में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ असहनीय अत्याचार किए जाते हैं अगर वे दिवाली के दौरान पटाखे फोड़ते हैं। कई जगहों पर काली मंदिरों पर हमला किया गया-सिर्फ इसलिए कि हिंदू वहाँ काली पूजा कर रहे थे।
महुआ मोइत्रा की गलती ने सोशल मीडिया पर गरमागरम बहस छेड़ दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह एक सामान्य और गैर-जानबूझकर की गई गलती थी। इसके बावजूद राजनीतिक विरोधियों ने इसे राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश की।












Click it and Unblock the Notifications