'तू-तू मैं-मैं होती है, लेकिन हम ममता बनर्जी का...', TMC-कांग्रेस की सीट शेयरिंग पर ये क्या बोल गए जयराम रमेश
TMC Congress seat-sharing: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और कांग्रेस के बीच लोकसभा चुनाव-2024 को लेकर सीट शेयरिंग पर अभी तक बात नहीं बनी है। ऐसे में टीएमसी सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने कहा है कि उनकी पार्टी अकेले चुनाव लड़ सकती है। अब इस पर कांग्रेस ने प्रतिक्रिया दी है।
डेरेक ओ'ब्रायन के बयान पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा है कि,'पश्चिम बंगाल में गठबंधन के लिए टीएमसी के साथ कांग्रेस की चर्चा चल रही है। नेता की टिप्पणी को ज्यादा तवज्जो हम नहीं देते हैं।'

'दोनों पार्टियों में तू-तू मैं-मैं चलती रहती है'
जयराम रमेश ने कहा, ''कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के बीच गरमागरम चर्चा होती रहती है, तू-तू मैं-मैं चलती रहती है, लेकिन हम ममता बनर्जी का सम्मान करते हैं।''
जयराम रमेश ने कहा, ''सीट शेयरिंग पर चर्चा चल रही है। टीएमसी के लिए हमारे दरवाजे हमेशा खुले हैं। ममता बनर्जी और टीएमसी ने कहा है कि वे इंडिया अलायंस को मजबूत करना चाहते हैं और सबसे बड़ा मकसद बीजेपी को हराना है।'' उन्होंने कहा, ''दोनों पार्टियों के बीच गरमागरम चर्चा होती रहती है लेकिन हम ममता बनर्जी का हमेशा से सम्मान करते हैं।''
डेरेक ओ'ब्रायन ने अकेले चुनाव लड़ने के दिए संकेत
सांसद और सीएम ममता बनर्जी के करीबी विश्वासपात्र डेरेक ओ'ब्रायन ने 23 फरवरी को दावा किया था कि, तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल की सभी 42 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने कहा था कि, ''कुछ हफ्ते पहले, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा था कि टीएमसी बंगाल की सभी 42 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। हम असम की कुछ सीटों और मेघालय की तुरा लोकसभा सीट से भी लड़ सकते हैं। फिलहाल की स्थिति यही है कि इसमें कोई बदलाव नहीं होगा।''












Click it and Unblock the Notifications