बंगाल, बिहार, यूपी, उत्तराखंड समेत कई जगहों पर भारी तूफान की आशंका, अलर्ट जारी
नई दिल्ली। मौसम विभाग के मुताबिक आज पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार, यूपी, उत्तराखंड, एमपी, छत्तीसगढ़, गोवा, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, तेलंगाना और कर्नाटक के कई हिस्सों में आज आंधी-तूफान आ सकता है तो वहीं विभाग ने ये भी कहा है कि आज अंडमान निकोबार आइलैंड, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है इसलिए लोग जरा सचेत रहें।

उत्तर-पूर्व में आज हो सकती है भारी बारिश
भारतीय मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल, सिक्किम, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर आज भारी बारिश होने की बात कही है।
उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और बिहार में आ सकता है तूफान
तो वहीं उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक व ओडिशा में गरज के साथ छींटे पड़ने, धूल भरी हवा चलने एवं बिजली चमकने की भी आशंका जाहिर की है।
लोगों को सावधान रहने की सलाह
इसके अलावा विभाग ने आगाह किया कि यूपी के बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, हरदोई, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, मेरठ, बिजनौर , मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में आज धूल भरी आंधी भी चल सकती है। आपको बता दें कि बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़े हैं, इस दौरान लोगों को गर्मी से जरूर राहत महसूस हुई क्योंकि तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई।

उत्तराखंड में भीषण तबाही
जबकि दो दिन पहले बारिश ने उत्तराखंड में भीषण तबाही मचाई थी, यहां के उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी और बालाकोट में बादल फटने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था, उत्तराखंड में चार जगह बादल फटने से काफी नुकसान हुआ। उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी और बालाकोट में बिगड़े मौसम के बीच बादल भी फट गया, जिससे हालात और बिगड़ गए।












Click it and Unblock the Notifications