Video: मुंबई के बांद्रा में हजारों लोगों की भीड़, लॉकडाउन की उड़ाई धज्जियां, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
नई दिल्ली। मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन पर हजारों लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। इस दौरान लॉकडाउन की धज्जियां उड़ाते हुए हजारों की संख्या में लोग जुट गए। लोगों की भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करनी पड़ा। दरअसल लॉकडाउन को बढ़ाए जाने के बाद बड़ी संख्या में कामगार मजदूर बांद्रा स्टेशन पहुंच गए और ये सभी अपने घर वापस जाना चाहते थे। यहां जमा हुए मजदूरों का कहना है कि उनके पास खाने के लिए पैसा नहीं है, रोजगार नहीं है, लिहाजा हमे हमारे घर वापस भेजने का इंतजाम किया जाए। मजदूर लगातार मांग कर रहे थे कि हमे घर वापस भेजने का इंतजाम किया जाए। पुलिस की ओर से यह घोषणा भी की गई कि कोई ट्रेन नहीं चलने वाली है। लेकिन बावजूद इसके जब लोग यहां से नहीं हटे तो पुलिस ने इन लोगों को यहां से हटाने के लिए लाठीचार्ज किया।
Recommended Video

वहीं इस पूरे मामले पर महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा कि गुजरात के सूरत में भी इस तरह की तस्वीर लोगों ने देखी। मजदूरों को उनके घर वापस भेजने का इंतजाम नहीं किया गया। कई लोगों ने रुकने और खाना खाने से इनकार कर दिया। पूरे महाराष्ट्र में कुल 6 लाख लोग शेल्टर होम में हैं। केंद्र सरकार और राज्य सरकार के बीच आपसी समन्वय से इन मजदूरों को उनके घर वापस भेजा जा सकता है। बांद्रा में जो भीड़ इकट्ठा हुई थी, वह अब खत्म हो गई है। वहीं इस घटना पर महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि प्रदेश के मजदूरों को भीड़ लगाने की जरूरत नहीं है। प्रदेश की सरकार ने इन लोगों के खाने-पीने और रहने का इंतजाम किया है। हमने लोगों को समझा दिया है, लोग अब वापस लौट गए हैं और स्थिति अब काबू में है।












Click it and Unblock the Notifications