सुप्रीम कोर्ट की फटकार का असर! तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर जला कार्तिगई दीपम, जजों की निगरानी में पूरी हुई रस्म
तमिलनाडु के मदुरै में तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर शनिवार (28 नवंबर) शाम कार्तिगई दीपम का पारंपरिक दीप जलाया गया। इस बार यह रस्म सामान्य धार्मिक आयोजन नहीं रही। इसके पीछे सुप्रीम कोर्ट का आदेश, राज्य सरकार और मंदिर प्रशासन के साथ कानूनी विवाद और सुरक्षा को लेकर बढ़ा तनाव भी रहा। दीपस्तंभ यानी दीपथून पर शाम करीब 5 बजे दीप जलाया गया। सुप्रीम कोर्ट की ओर से नियुक्त रिसीवर और हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की निगरानी में यह रस्म पूरी हुई। पहाड़ी पर जाने के लिए 50 लोगों की सीमा तय की गई थी। सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआरपीएफ ने संभाली।
इस बीच पहाड़ी पर स्थित दरगाह में भी मुस्लिम श्रद्धालु नमाज और दुआ के लिए पहुंचे। हिंदू श्रद्धालुओं ने सीआरपीएफ जवानों का फूल बरसाकर स्वागत किया। एक ही पहाड़ी पर मंदिर और दरगाह होने के कारण प्रशासन के सामने दोनों धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और श्रद्धालुओं की आवाजाही बनाए रखने की चुनौती थी।

सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद दीपथून पर जला दीप
तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम कहां जलाया जाए, इसे लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। हिंदू संगठनों की मांग थी कि पारंपरिक दीप पहाड़ी पर बने पत्थर के स्तंभ दीपथून पर जलाया जाए। यह स्तंभ हजरत सुल्तान सिकंदर बदूशा औलिया दरगाह के पास स्थित है। दूसरी ओर, प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की तरफ से इस स्थान पर दीप जलाने को लेकर विवाद बना हुआ था।
20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने एक बार के लिए दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी थी। लेकिन 24 नवंबर को कार्तिगई दीपम के दिन तय जगह पर दीप नहीं जलाया गया। मंदिर प्रशासन ने उचि पिल्लैयार मंदिर के पास दीप जलाया। इसके बाद आदेश का पालन नहीं करने को लेकर अदालत में अवमानना याचिकाएं दाखिल हुईं।
27 नवंबर को जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम पंचोली की पीठ ने इस मामले में सख्त रुख अपनाया। अदालत ने 28 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाने का निर्देश दिया। इसके बाद शनिवार को तय जगह पर रस्म पूरी की गई।
CRPF के पहरे में 50 लोगों को मिली पहाड़ी पर जाने की अनुमति
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद पहाड़ी की सुरक्षा का जिम्मा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल यानी सीआरपीएफ को दिया गया। सीआरपीएफ के साथ रैपिड एक्शन फोर्स के जवान भी तैनात किए गए। जवानों ने पहाड़ी के रास्तों पर चेकपॉइंट बनाए और लोगों की आवाजाही नियंत्रित की। पहाड़ी पर एक समय में सिर्फ 50 लोगों को जाने की अनुमति दी गई।
तमिलनाडु पुलिस भी पहाड़ी के नीचे तैनात रही। वहां आने वाले लोगों का रजिस्ट्रेशन और पहचान की जांच की गई। हालांकि 50 लोगों की सीमा को लेकर कुछ देर तक असमंजस भी रहा। हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि दीप जलने के बावजूद श्रद्धालुओं को पहाड़ी पर जाने से रोका जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से साफ निर्देश जारी करने की मांग की।
दरगाह में पहुंचे 100 से ज्यादा मुस्लिम श्रद्धालु, CRPF पर बरसे फूल
इस विवाद के बीच पहाड़ी पर मौजूद दरगाह में भी श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी रही। शनिवार सुबह करीब 6:15 बजे 100 से ज्यादा मुस्लिम श्रद्धालु दरगाह पहुंचे। इनमें स्थानीय लोगों के साथ पड़ोसी केरलम से आए जायरीन भी शामिल थे। दिन में एक और जत्थे के आने की उम्मीद जताई गई थी। सुरक्षा जांच और पहचान की पुष्टि के बाद उन्हें दरगाह में जाने दिया गया।
सुप्रीम कोर्ट ने सीआरपीएफ को मंदिर और दरगाह, दोनों की सुरक्षा करने का निर्देश दिया था। साथ ही यह भी कहा था कि मुस्लिम श्रद्धालुओं को दरगाह और मस्जिद में नमाज अदा करने से नहीं रोका जाना चाहिए। दूसरी तरफ सीआरपीएफ के जवान जब पहाड़ी के नीचे पहुंचे तो कुछ स्थानीय लोगों और हिंदू श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान जवानों और उनके वाहनों पर फूलों की बारिश की गई। बीजेपी और हिंदू मुन्नानी के नेताओं के भी पहाड़ी पर पहुंचने की संभावना जताई गई थी।
अवमानना नोटिस में तमिलनाडु के मुख्य सचिव और DGP भी शामिल
सुप्रीम कोर्ट ने आदेश लागू नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए तमिलनाडु के मुख्य सचिव एम साई कुमार, डीजीपी महेश अग्रवाल और 13 अन्य अधिकारियों व मंदिर पदाधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किया। अदालत ने कहा कि घटनाक्रम से ऐसा लग रहा है कि प्रशासनिक अधिकारियों ने अपने राजनीतिक आकाओं के इशारे पर काम किया हो सकता है। इस पहलू की जांच जरूरी है, ताकि न्यायपालिका की गरिमा बनी रहे।
अदालत ने मुख्यमंत्री को व्यक्तिगत तौर पर अवमानना नोटिस नहीं दिया है। हालांकि, मुख्य सचिव से हलफनामा दाखिल कर यह बताने को कहा गया है कि अधिकारियों के बीच फोन कॉल, मैसेज और बैठकों में क्या बातचीत हुई थी। अदालत यह जानना चाहती है कि क्या दीप जलाने का आदेश लागू नहीं करने के पीछे किसी राजनीतिक स्तर से निर्देश दिए गए थे। नोटिस पाने वाले अधिकारियों को 15 दिसंबर को अदालत में पेश होकर जवाब देना होगा। अदालत ने यह भी साफ किया कि आदेश का पालन नहीं होने के पूरे मामले की जांच की जाएगी।
10 दिसंबर को दरगाह में होगा सालाना उर्स
सुनवाई के दौरान दरगाह की ओर से पेश वरिष्ठ वकील ने अदालत को बताया था कि यहां आम दिनों में करीब 100 से 200 लोग आते हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि दरगाह का सालाना उर्स यानी संतनकूडू उत्सव 10 दिसंबर को अलग से आयोजित होगा।
फिलहाल प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि मंदिर में कार्तिगई दीपम की परंपरा और दरगाह की धार्मिक गतिविधियां, दोनों बिना किसी रुकावट के चलें। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद दीपथून पर दीप तो जला दिया गया है लेकिन पहाड़ी पर प्रवेश, सुरक्षा और दोनों समुदायों के धार्मिक अधिकारों को लेकर विवाद अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। इस मामले में 15 दिसंबर की सुनवाई भी अहम रहने वाली है।



Click it and Unblock the Notifications
