Coronavirus से जंग: शाम 5 बजे से पूरी तरह लॉकडाउन हुआ पश्चिम बंगाल, 31 मार्च तक सब बंद
नई दिल्ली। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना वायरस से मामलों की संख्या 492 के पार जा चुकी है और यह आने वाले समय में 500 का आंकड़ा भी छू सकता है। देश में महामारी के बढ़ते मामलों को देखते हुए कई राज्यों में पहले ही लॉकडाउन की घोषणा की जा चुकी है। इसी के मद्देनजर अब पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार ने भी प्रदेश में मंगलवार शाम 5 बजे से लेकर 31 मार्च, 2020 तक लॉकडाउन का ऐलान कर दिया है। बता दें कि कोरोना वायरस से देश में अब तक 10 मौतें हो चुकी हैं और 37 मरीज पूरी तरह से ठीक भी हुए हैं।

मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में लॉकडाउन का ऐलान करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, 'हालात का जायजा लेने के बाद आज शाम पांच बजे से पूरे राज्य में लॉकडाउन लागू करने का फैसला किया गया है।' गौरतलब है कि राज्य में कोलकाता समेत कई बड़े शहरों में सोमवार से लॉकडाउन लागू है। कोरोना वायरस के मामले बढ़ने के बाद अब ममता सरकार ने इसे पूरे राज्य में लागू कर दिया है। इससे पहले देश के 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को लॉकडाउन किया जा चुका है।
कोरोना वायरस से पश्चिम बंगाल के कोलकाता में एक 57 वर्षीय व्यक्ति की मौत होने के बाद अब सीएम ममता बनर्जी एक्शन में आ गई हैं। शख्स को 16 फरवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, उसी दौरान मरीज की यात्रा को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया था। वहीं शख्स की मौत के बाद उसके परिजनों ने शव को लेने से इनकार कर दिया, उन्हें डर था कि वह भी संक्रमित हो जाएंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वरिष्ठ अधिकारियों ने करीब दो घंटे तक स्थानीय लोगों को समजाया कि संक्रमण से बचने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। पुलिस केंद्रीय प्रभाग के एक अधिकारी ने बताया कि हमने उन्हें बताया कि शव को लपेटने के दौरान सरकार के दिशा-निर्देशों के मुताबिक सभी प्रक्रियाओं का पालन किया गया है। डरने की कोई बात नहीं है। बता दें कि महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के अब तक सबसे ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। वहां, 101 पॉजिटिव मामलों की पुष्टि की गई है जो देश के किसी भी राज्य में सबसे ज्यादा है।
यह भी पढ़ें: कोरोना: दिल्ली में राहत की खबर, 40 घंटे में कोई पॉजिटिव केस नहीं आया












Click it and Unblock the Notifications