The Kerala Story: 32000 या 2500? कितनी लड़कियों का हुआ धर्मपरिवर्तन? क्या है सच?
The Kerala Story:: फिल्म के डायरेक्टर ने कहा कि उनकी फिल्म चार लड़कियों की कहानी हैं, जो नर्स बनते-बनते ISIS का हिस्सा बन जाती हैं, फिल्म उनके दर्द को बया करती है।

The Kerala Story: अभिनेत्री अदा शर्मा की फिल्म 'द केरल स्टोरी' रिलीज से पहले ही विवादों में आ गई है। इसको लेकर केरल में जबरदस्त बवाल मचा हुआ है। फिल्म पर झूठे तथ्य दिखाने के आरोप लग रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर इस फिल्म को लेकर अब राजनेता भी बयान दे रहे हैं।
नफरत फैलाने वाली फिल्म: मुख्यमंत्री विजयन
और ये मामला तब और गर्मा गया जब केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने इसे नफरत फैलाने वाली फिल्म कहकर संबोधित किया और कहा ये फिल्म नहीं बल्कि आरएसएस और भाजपा का प्रोपगेंडा है, जिसकी वजह से वो भाजपा समर्थकों के निशाने पर आ गए।
'यह हमारे केरल की स्टोरी नहीं'
इस विवाद में उबाल तब आया जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद शशि थरूर इसमें कूद पड़े। उन्होंने इस लेकर एक ट्वीट किया कि "हो सकता है कि यह आपके केरल की स्टोरी हो, यह हमारे केरल की स्टोरी नहीं है।"
केरल में 32 हजार महिलाएं गुमशुदा हुईं
अब सवाल उठता है कि आखिर इस फिल्म में ऐसा क्या है जिसने विवाद की शक्ल धारण कर ली है। दरअसल इस फिल्म के टीजर में अभिनेत्री अदा शर्मा कह रही हैं कि 'केरल में 32 हजार महिलाएं गुमशुदा हुई हैं, जिन्हें बहला फुसलाकर और उनका धर्म परिवर्तन करके ISIS का आतंकवादी बना दिया गया, क्या इस गंदे खेल को कोई नहीं रोकेगा?'
फिल्म के खिलाफ कई पार्टियां
जिसके बाद कांग्रेस , LDF और UDF जैसी कई पार्टियों ने फिल्म के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इनका कहना है कि ये फिल्म बेवजह लव जिहाद के मुद्दे को उठाकर राज्य में धार्मिक विवाद पैदा करेगी इसलिए इसे रोका जाना चाहिए। केरल में ऐसा कुछ नहीं हो रहा है।
इस मुद्दे से जुड़े बहुत सारे प्रश्न हैं
ठीक है अगर ये मान भी लिया जाए कि केरल में कम उम्र की हिंदू और ईसाई लड़कियों का ब्रेन वॉश करके जिहादी मिशन में नहीं झोंका जा रहा है और ना ही उनके साथ ISIS कैंपों में 'सेक्स स्लेव' के रूप में बर्ताव किया जा रहा है तो भी इस मुद्दे से जुड़े बहुत सारे प्रश्न हैं, जो कि राजनेताओं के पुराने बयानों से ही उठते हैं।
'इन तालिबानियों में से 2 मलयाली'
बात शशि थरूर की ही करते हैं, Twitter पर बहत ज्यादा एक्टिव रहने वाले शशि थरूर ने 17 अगस्त 2021 को एक ट्वीट किया था, जिसमें तालिबानियों की बर्बरता को दिखाने वाला एक वीडियो था। उन्होंने खुद ही लिखा था कि ''ऐसा लग रहा है कि इन तालिबानियों में से 2 मलयाली हैं।"
इस्लामिक आतंकवाद और जिहाद का संबंध केरल से?
थरुर अपने इस ट्वीट के बाद बहुत सारे सवालों के घेरे में आ गए थे और लोगों ने उनसे सीधा प्रश्न किया था कि ये साबित कर रहा है कि इस्लामिक आतंकवाद और जिहाद का संबंध केरल से है? जिसके जवाब में थरूर ने कहा था कि ' मैं केरल की उन मांओं का दर्द जानता हूं जिनकी बेटियां अपने पतियों की वजह से अफगानिस्तान पहुंच गईं।'
ओमन चांडी ने विधानसभा में दिया था ये बयान
यही नहीं भले ही फिल्म का ट्रेलर 32 हजार महिलाओं के धर्म परिवर्तन की कहानी कह रहा है लेकिन ऐसा ही कुछ 25 जून 2012 को विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री रहे ओमन चांडी ने भी कहा था, हालांकि उनका आंकड़ा फिल्म के आंकड़े के मुकाबले तो काफी कम था लेकिन वैसे बहुत ज्यादा था। दरअसल चांडी ने एक सवाल के जवाब में विधानसभा में बयान दिया था कि केरल में साल 2006 से लेकर 2012 के बीच करीब 2500 से ज्यादा महिलाओं को जबरन इस्लाम कबूल करने के लिए मजबूर किया गया था।
ये सच लोगों के सामने आना जरूरी नहीं है?
अब प्रश्न ये है कि 'क्या चांडी ने गलत आंकड़ें पेश किए और अगर वो गलत नहीं है तो ये बात तो सही साबित होती है ना कि केरल में जबरन धर्मांतरण हुआ। फिल्म की बात के परे क्या ये सच लोगों के सामने आना जरूरी नहीं है?
'द केरल स्टोरी' 5 मई को रिलीज होगी
आपको बता दें कि 'द केरल स्टोरी' फिल्म को सुदीप्तो सेन ने डायरेक्ट किया है। फिल्म में अदा शर्मा के अलावा योगिता बिहानी, सोनिया बालानी, सिद्धी इदनानी, विजय कृष्णा, प्रणव मिश्रा और प्रणय पचौरी जैसे कलाकारों ने अभिनय किया है। फिल्म 5 मई को रिलीज होगी। फिल्म के डायरेक्टर का कहना है कि फिल्म उनकी जिहाद पर नहीं बल्कि आतंकवाद पर है।












Click it and Unblock the Notifications