पटाखों की आवाज को धमाके में बदलने की फिराक में आतंकी, पूरे इंडिया में अलर्ट
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। त्योहरों के मौसम में एक तरफ जहां पूरा देश खुश है वहीं आतंकी संगठन इन खुशियों को मातम में तब्दील करने की फिराक में हैं। आतंकवादी मुंबई और दिल्ली समेत देश के 10 शहरों को अपना निशाना बना सकते हैं जिसके मद्देनजर हाईअलर्ट कर दिया गया है। इंटेलिजेंस ब्यूरो की रिपोर्ट पर गृह मंत्रालय ने ऐसी आशंका जताई है और सभी राज्यों को एडवाइजरी जारी किया गया है। गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने भी कहा है कि आतंकी खतरे से इनकार नहीं कर सकते।

एडवाइजरी में ये भी कहा गया है कि बकरीद के मौके पर पशु बलि से जुड़े मुद्दों पर कुछ राज्यों में सांप्रदायिक माहौल तनावपूर्ण रहा। परामर्श में कहा गया कि चूंकि 23 अक्तूबर को दिवाली, कालीपूजा मनाई जानी है, इसलिए यह जरूरी है कि सांप्रदायिक व्यवधानों को रोकने के लिए त्योहार मनाने के दौरान पूजास्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध किए जाएं और लगातार निगरानी की जाए। उल्लेखनीय है कि घाटी में कई बार ISIS का काला झंडा देखा जा चुका है।
अलकायदा भारत में अपनी पकड़ मजबूत करने की फिराक में है। पाकिस्तान की ओर से लगातार हो रहे सीजफायर उल्लंघन के बीच घुसपैठ की आशंका भी जताई जा चुकी है। ऐसे में नरेंद्र मोदी सरकार यह कतई नहीं चाहेगी की उसकी पहली दिवाली के जश्न में कोई खलल पड़े। लिहाजा इस त्योहारी मौसम में माहौल बिगड़ने का खतरा और न बढ़ जाए इसलिए प्रशासन ने गृह मंत्रालय की रिपोर्ट मिलते ही तैयारी शुरु कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications