उदयपुर: बर्बर हत्या के आरोपी शंभू के समर्थन में प्रदर्शन, भीड़ ने SP का सिर फोड़ा
Recommended Video

उदयपुर। राजसमंद में पिछले दिनों हुई अफराजुल की हत्या के बाद मचा बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। लव जिहाद के नाम पर की गई पश्चिम बंगाल के एक मुस्लिम मजदूर की हत्या के आरोपी शंभूलाल की गिरफ्तारी के खिलाफ गुरुवार को धारा 144 लागू होने के बावजूद लोगों ने प्रदर्शन किया। हद तो तब हो गई जब प्रदर्शन के दौरान उत्पाती कोर्ट के पीछे की बिल्डिंगों से छत पर चढ़े और कोर्ट के मुख्य द्वार पर भगवा झंडा फहरा दिया। पुलिस बल असहाय बना देखता रहा। पुलिस ने लाठीचार्ज करके हालात काबू करने की कोशिश की लेकिन माहौल और बिगड़ गया। प्रदर्शनकारी कोर्ट के अंदर तक चले गए।

एसपी का सिर फोड़ा
पुलिस ने बताया कि 175 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और कई अन्य को नुकसान पहुंचाने और आदेशों का पालन न करने के लिए हिरासत में लिया गया है। प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने जबरन दुकानें और संस्थान बंद करावाई। सड़कों पर बेकाबू भीड़ ने पत्थरबाजी की और टायर भी जला दिए। पुलिस सूत्रों के अनुसार कोर्ट परिसर के अंदर एडिशनल एसपी सुधीर जोशी के साथ भी हाथापाई की गई है। उन्हें सिर में पत्थर भी लगा है।

पुलिस और भीड़ के बीच 15 मिनट तक पत्थरबाजी हुई
पुलिस और भीड़ के बीच 15 मिनट तक पत्थरबाजी हुई, जिसमें 10 पुलिस अफसरों सहित 31 जवान घायल हो गए। इनमें से 4 सिपाही गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं राजसमंदमामले में शिव सेना हिन्दुस्तान के महासचिव लखन सिंह पंवार को गुरुवार रात को शिप्रापथ थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। थानाधिकारी संजय गोदारा ने बताया कि लखन सिंह पंवार ने धर्म विशेष पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है।

24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद
हालात बिगड़ने के बाद आईजी आनंद श्रीवास्तव ने बताया-उदयपुर में अगले और 24 घंटे इंटरनेट बंद कर दिया गया है। शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बुधवार रात जिले में 24 घंटे के लिए बंद की गई इंटरनेट सेवाओं से गुरुवार को सरकारी दफ्तरों में कामकाज ठप रहा। प्रशासनिक कामकाज पर इसका बड़ा असर देखने को मिला।












Click it and Unblock the Notifications