Telangana News: बीआरएस MLA हरीश राव पर फोन टैपिंग का आरोप, एफआईआर दर्ज
Telangana News: तेलंगाना में एक रियल एस्टेट कारोबारी द्वारा उनका फोन टैप किए जाने का आरोप लगाए जाने के बाद भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के वरिष्ठ नेता और सिद्दीपेट के विधायक टी. हरीश राव और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
कथित फोन टैपिंग मामले में हरीश राव का नाम एफआईआर में शामिल किया गया है। हरीश राव, जो मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) के भतीजे भी हैं, के खिलाफ यह मामला दर्ज हुआ है। सिद्दीपेट के रियल एस्टेट डीलर और फार्मर्स फर्स्ट फाउंडेशन के संस्थापक जी चक्रधर गौड़ ने 1 दिसंबर को पंजागुट्टा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। गौड़ का आरोप है कि किसानों के साथ काम करने के कारण उनके और हरीश राव के बीच राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता बढ़ गई, और उन्हें जान से मारने की धमकियां मिलीं।

झूठे आरोपों में फंसाने के आरोप
जी चक्रधर गौड़ ने आरोप लगाया कि उनके आईफोन पर अलर्ट मिलने के बाद उनका फोन टैप किया गया था। उनका कहना है कि उनकी संस्था किसानों को मदद और आधुनिक तकनीक देने का कार्य कर रही थी, जिसे लेकर हरीश राव की नाराजगी बढ़ी। गौड़ ने यह भी दावा किया कि हरीश राव और अन्य नेताओं ने उन्हें झूठे आरोपों में फंसाकर उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की और उन्हें अपने कार्य को छोड़ने के लिए दबाव डाला।
भाजपा छोड़ी बसपा में गए गौड़
जी चक्रधर गौड़ ने पहले भारतीय जनता पार्टी जॉइन की थी, लेकिन टिकट न मिलने पर बसपा में शामिल हो गए थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हरीश राव ने उनके खिलाफ आपराधिक साजिश रचने की कोशिश की।
पंजागुट्टा पुलिस स्टेशन ने टी. हरीश राव के खिलाफ आपराधिक साजिश, जबरन वसूली, आपराधिक विश्वासघात, आपराधिक धमकी और आईटी अधिनियम की धारा 66 के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले में पहले पूर्व डिप्टी एसपी डी प्रणीत राव, पूर्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एन भुजंगा राव और अन्य पुलिस अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया था। सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी टी प्रभाकर राव इस मामले में प्रमुख आरोपी हैं, और मामले की जांच अभी जारी है।












Click it and Unblock the Notifications