Telangana Lok Sabha Chunav: तेलंगाना की 17 सीटों का जारी हुआ वोटिंग शेड्यूल, जानिए कब कहां पड़ेंगे वोट
Telangana Lok Sabha Election Voting Dates Voting Schedule: भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) ने शनिवार 16 मार्च को चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है। लोकसभा चुनाव 7 चरणों में होगा, जबकि 4 जून को मतगणना होगी। इतना ही नहीं, पहले चरण के लिए 19 अप्रैल वोटिंग होगी और 1 जून को सातवें और अंतिम चरण के लिए वोटिंग होगी।
लोकसभा चुनाव 2024 के कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही देश में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी। अगर तेलंगाना की 17 लोकसभा सीटों की बात करें तो मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमान ने कहा कि तेलंगाना में 13 मई यानी चौथे चरण में वोटिंग होगी। इसके लिए 18 अप्रैल को नोटिफिकेशन जारी होगा।

वहीं, 25 अप्रैल को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख और 26 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसके बाद 13 मई को मतदाना होगा और 4 जून को रिजल्ट आएगा। आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव 2019 में तेलंगाना में बीआरएस प्लस सबसे आगे थी। बीआरएस ने 9 सीटें जीती थीं तो वहीं, कांग्रेस को 3 और बीजेपी को 4 सीटें यहां पर मिली थीं।
जबकि, एआईएमआईएम को सिर्फ एक सीट ही मिली थी। मगर, इस बार तेलंगाना राज्य में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर होने की बात मीडिया रिपोर्ट्स में कही जा रही है। तो वहीं, दूसरी तरफ बीजेपी ने हैदराबाद सीट पर असदुद्दीन ओवैसी को घेरने के लिए माधवी लता को मैदान में उतारा है।
दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी को रेवंत रेड्डी से काफी उम्मीदें है। क्योंकि, तेलंगाना विधानसभा चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस ने राज्य की कमान रेवंत रेड्डी को सौंपी है। इतना ही नहीं, कांग्रेस ने राज्य में कई चुनावी गारंटियों को लागू किया है। हालांकि, इनका कितना फायदा लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मिलेगा, यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा।
तेलंगाना में अगर मतदाताओं की कुल संख्या की बात करें तो 3.13 करोड़ है। इनमें 1.57 करोड़ पुरुष और 1.56 करोड़ महिला वोटर हैं। तेलंगाना में 3.06 प्रतिशत युवा मतदाता हैं।












Click it and Unblock the Notifications