Daily Political Update:तेलंगाना चुनाव प्रचार के आखिरी दिन झोंकी पूरी ताकत, ऑटो में सवार हुए राहुल गांधी
Assembly Election News: तेलंगाना विधानसभा चुनाव के प्रचार का आज (28 नवंबर) आखिरी दिन है। शाम पांच बजे तक सभी सियासी दलों ने जमकर चुनाव प्रचार किया। एक दिन पहले जहां भाजपा ने ताबड़तोड़ प्रचार किया था। वहीं आज कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी।
तेलंगाना की कुल 119 सीटों पर 30 नवंबर को वोटिंग होगी। इस बार त्रिकोणीय मुकाबला नजर आ रहा है। दो बार की सरकार बीआरएस के खिलाफ कांग्रेस और भाजपा दोनों ही हमलावर हैं। ऐसे में आज चुनावी राज्य में क्या हलचल रही, जानिए सभी अपडेट्स एक खबर में।

तेलंगाना में चरम पर रहा प्रचार
तेलंगाना में आज का दिन काफी गहमा-गहमी वाला रहा। कांग्रेस नेताओं ने आज पूरा डेरा डाला हुआ है। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अशोक गहलोत जैसे नेताओं ने जमकर प्रचार किया। वहीं बीआरएस नेता कविता ने रोड शो किया। कविता ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है। वहीं कांग्रेस ने बीआरएस और भाजपा को जमकर घेरा।
ऑटो में सवारी: चुनाव प्रचार के आखिरी दिन राहुल गांधी ने ऑटो ड्राइवर, ऑनलाइन डिलीवरी और सफाई कर्मियों से मुलाकात की। राहुल गांधी ने उनकी समस्याओं को सुना। साथ ही बैठक के बाद ऑटो में सवारी भी की।
हैदराबाद में रो़ड शो: राहुल गांधी ने आनंद बाग चौरास्ता से मल्काजगिरी चौरास्ता तक रोड शो किया। रोड शो में कहा कि आपसे मेरा रिश्ता राजनीतिक नहीं, बल्कि पारिवारिक रिश्ता है। हम भारत जोड़ो यात्रा में कन्याकुमारी से कश्मीर तक चले। यात्रा में हमने सिर्फ एक बात बोली कि हमें नफरत या हिंसा वाला भारत नहीं चाहिए। हमें मोहब्बत का हिंदुस्तान चाहिए और इसे हम लेकर रहेंगे।
प्रियंका ने घेरा: हैदराबाद में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "10 साल से केसीआर और बीआरएस की सरकार है क्या आपको रोजगार दिया? महिलाओं आपको क्या दिया ? रोजगार केसीआर के परिवार के सदस्यों को मिला। उनके परिवार के एक-एक सदस्यों को मंत्री बनाया गया..."
बड़ा झटका लगेगा: महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने देवरकोंडा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने साफ कहा है कि हमारी सरकार सत्ता में आएगी और हम पिछड़े वर्ग के नेता को सीएम बनाएंगे। बीआरएस को 3 दिसंबर को बड़ा झटका लगेगा।
ओवैसी का बीजेपी पर पलटवार: AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि पहले उन्हें पता होना चाहिए कि भाजपा का वोट प्रतिशत कितना है फिर उन्हें चार प्रतिशत की बात करनी चाहिए। आरक्षण धर्म के आधार पर नहीं है, एक सूची है जिसमें उल्लेख है कि केवल उन्हीं को आरक्षण मिल रहा है जो मुस्लिम में पिछड़ा वर्ग हैं और यह भी उल्लेख है कि किसे नहीं आरक्षण मिलेगा। जब मुसलमानों के विकास का मुद्दा आता है तब आपका राष्ट्रवाद वहीं समाप्त हो जाता है।जब सभी समुदाय मजबूत होंगे तो देश मजबूत होगा।












Click it and Unblock the Notifications