'महिला का क्या जिसकी गई जान, उसके बारे में कोई नहीं पूछ रहा', अल्लू की गिरफ्तारी पर बोले CM रेवंत रेड्डी
Allu Arjun News: तेलुगु सुपरस्टार अल्लू अर्जुन को शुक्रवार 13 दिसंबर की सुबह चिक्कड़पल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, शाम को हाईकोर्ट ने अल्लू अर्जुन को रिहाई मिल गई। वहीं, इस मामले में अब तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने बेबाकी से अपने विचार रखे हैं। साथ ही, उन्होंने अल्लू अर्जुन को गिरफ़्तार करने में पुलिस की कार्रवाई का बचाव किया है।
अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी पर आजतक एजेंडा कार्यक्रम में बोलते हुए तेलंगाना सीएम रेवंत रेड्डी ने कहा कि आप लोग एक इंसान की गिरफ्तारी पर इतने सवाल कर रहे हैं, उस महिला का क्या जिसकी जान चली गई? उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? उन्होंने कहा कि बच्चा अभी कोमा में है। उनका क्या होगा आप ये भी सोचिए।

इस दौरान सीएम रेवंत रेड्डी ने अल्लू अर्जुन की गिरफ़्तारी के मामले में पुलिस का बचाव करते हुए कहा कि वे अपना काम कर रहे थे। सीएम रेड्डी ने कहा, 'अल्लू अर्जुन सिर्फ फिल्म देखकर वहां से चले नहीं गए। बल्कि, वे कार की सनरूफ़ से बाहर आए और अपनी फिल्म की रिलीज़ का जश्न मना रहे प्रशंसकों का अभिवादन किया। इससे स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।'
उन्होंने कहा कि जिसके कारण वहां ये हादसा हो गया। अगर अल्लू अर्जुन फिल्म देखकर वहां से चले जाते तो कोई चर्चा ही नहीं होती। गाड़ी के बाहर निकलकर सभी से मिले..हाथ हिलाया, जिससे मामला हाथ से निकल गया। एक महिला की जान चली गई, इस बात का कौन जिम्मेदार है आप बताइए?'
अपने रिश्ते का भी किया खुलासा
बातचीत के दौरान सीएम रेवंत रेड्डी ने अल्लू अर्जुन से अपने रिश्ते का भी खुलासा किया। उन्होंने कहा कि वो एक्टर को उनके बचपन से जानते हैं। उनके चाचा चिरंजीवी और ससुर चंद्रशेखर रेड्डी कांग्रेस के ही नेता है। रेड्डी ने यह भी कहा कि अल्लू अर्जुन की पत्नी अल्लू स्नेहा रेड्डी उनकी रिश्तेदार है, फिर भी उन्होंने एक्टर की गिरफ्तारी के निर्णय के बीच परिवार नहीं आने दिया।
पीड़ित परिवार के बारे में कोई बात नहीं कर रहा
सीएम रेड्डी ने कहा कि एक्टर की गिरफ्तारी के बारे में तो बहुत बातें हो रही हैं, लेकिन भगदड़ पीड़िता और उसके परिवार के बारे में कोई बात नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि एक गरीब परिवार ने अपना एक सदस्य खो दिया, महिला का बेटा अभी भी अस्पताल में है और कोमा में है। जब वह कोमा से बाहर आएगा, तो उसे अपनी मां के बिना जीवन जीना होगा।
पैसा कमाने के लिए आते हैं फिल्म स्टार
सीएम रेवंत रेड्डी ने कहा कि फिल्म स्टार यहां पैसा कमाने के लिए आते हैं और आम लोगों का इससे कोई लेना-देना नहीं है। जब उनसे उनके पसंदीदा तेलुगु अभिनेता के बारे में पूछा गया तो मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं खुद एक स्टार हूं। मैं किसी का प्रशंसक नहीं हूं। इस दौरान उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा और मामले की जांच में कोई भी हस्तक्षेप नहीं करेगा।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, हैदराबाद के संध्या थिएटर में 4 दिसंबर को भगदड़ मच गई थी। इस भगदड़ में एक 39 वर्षीय महिला की मौत हो गई थी और उसका नाबालिग बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस सिलसिले में शुक्रवार 13 दिसंबर को पुलिस अल्लू अर्जुन को गिरफ़्तार किया गया था। हालांकि, संध्या थिएटर में लोगों को नियंत्रित करने के लिए तेलंगाना पुलिस को थिएटर में तैनात किया गया था।
लेकिन, प्रीमियर से पहले अल्लू अर्जुन के थिएटर पहुंचने पर स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई और भगदड़ मच गई थी। इस मामले में शुक्रवार सुबह-सुबह नाटकीय ढंग से की गई अल्लू अर्जुन गिरफ्तारी और उसके बाद 14 दिनों की न्यायिक हिरासत के बाद,तेलंगाना हाईकोर्ट ने अल्लू अर्जुन को चार सप्ताह के लिए अंतरिम जमानत दे दी।
अदालत ने अभिनेता होने के बावजूद अल्लू अर्जुन को नागरिक के रूप में जीवन और स्वतंत्रता का अधिकार है। अल्लू अर्जुन को जेल से रिहा कर दिया गया है, जिसकी पुष्टि उनके वकील अशोक रेड्डी ने की। हालांकि, हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद भी अल्लू अर्जुन को जेल में एक रात बितानी पड़ी।












Click it and Unblock the Notifications