तेलंगाना के सीएम केसीआर आज पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात, अखिलेश-मायावती से भी मिलेंगे
नई दिल्ली। तेलंगाना के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद पहली बार के. चंद्रशेखर राव पीएम नरेंद्र मोदी से दिल्ली में मुलाकात करेंगे। ओडिशा और बंगाल के मुख्यमंत्रियों से मुलाकात के बाद सोमवार को दिल्ली पहुंचे के. चंद्रशेखर राव 28 दिसंबर तक राजधानी में रहेंगे। वे आज शाम चार बजे पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा केसीआर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती से भी मुलाकात करेंगे।

केसीआर दिल्ली में आज पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे। खबर है कि वे पीएम मोदी से 450 करोड़ रुपए के पिछड़े क्षेत्र की अनुदान निधि की अंतिम किस्त जारी करने के लिए केंद्र से अनुरोध करेंगे। इसके अलावा विभिन्न योजनाओं के संदर्भ में भी केसीआर केंद्र के सामने अपना पक्ष रखेंगे।
वहीं, भाजपा-कांग्रेस रहित तीसरे मोर्चे के गठन के लिए क्षेत्रीय दलों को एकजुट करने की कवायद को आगे बढ़ाते हुए केसीआर अखिलेश यादव और मायावती से मुलाकात करेंगे। इसके पहले वे ममता बनर्जी और नवीन पटनायक से मुलाकात कर चुके हैं। लोकसभा चुनावों से पहले, केसीआर विभिन्न दलों के नेताओं से मुलाकात कर गठबंधन की कोशिश में जुटे हैं।












Click it and Unblock the Notifications